- डीएम को ही ज्ञापन देने पर अड़े रसोइयों ने दिया धरना
- सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के निस्तारण की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। सात माह का बकाया मानदेय दिलाए जाने की मांग को लेकर सोमवार को रसोइयों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ही ज्ञापन देने की जिद पर अड़े रसोइयों ने करीब एक घंटे तक धरना भी दिया। इसके बाद विकास भवन सभागार में चल रही बैठक के दौरान वहां पर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। रसोइयों ने एडीएम एफआर को भी ज्ञापन दिया। इस पर एडीएम एफआर ने समस्याओं का निस्तारण करने करवाने का आश्वासन दिया।
सोमवार को प्राथमिक विद्यालय रसोइया वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष ब्रह्मकुमार सिंह और प्रांतीय सचिव जगमोहन शुक्ला (लल्लन) की अगुवाई में सैकड़ों रसोइए डीएम से मानदेय दिलाने की गुहार करने कलक्ट्रेट पहुंच गए। वहां डीएम के न मिलने पर रसोइए भड़क गए और डीएम को ज्ञापन देने की जिद करने लगे। काफी देर इंतजार करने के बाद रसोइए रोड जाम करने की तैयारी करने लगे। इसकी जानकारी विकास भवन सभागार में लॉ एंड आर्डर की बैठक कर रहे अधिकारियों को हुई। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने रसोइयों से ज्ञापन लिया। प्रांतीय अध्यक्ष सिंह ने बताया कि बीते वर्ष रसोइयों की ओर से की गई शिकायतों को अब तक निस्तारित नहीं किया गया। इसके साथ ही अन्य भी कई मांगे रखीं। प्रदर्शन करने वालों में मीरा देवी, माया देवी, रामनिवास, रामश्री, ऊषा देवी, राजेश्वरी, कमलेश, शांती देवी, सुषमा देवी, सरला देवी, सुतरी देवी, सुशीला, रामगुनी, उर्मिला आदि शामिल रहीं।