- क्राइम ब्रांच रूहेलखंड यूनिवर्सिटी से ले आई उत्तर पुस्तिका
- कस्तूरबा स्कूल की फुलटाइम टीचर की आत्महत्या का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की फुलटाइम टीचर नेहा पाल की आत्महत्या के प्रकरण में क्राइम ब्रांच रूहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली से नेहा द्वारा लिखी गई परीक्षा उत्तर पुस्तिका ले आई है। नेहा ने एमए इतिहास से ‘वर्ल्ड हिस्ट्री’ पेपर की परीक्षा तीन अप्रैल को जीएफ कॉलेज में दी थी। इस उत्तर पुस्तिका से भी नेहा के हस्ताक्षरों का मिलान किया जाएगा।
नेहा ने आत्महत्या करने से पहले एमए इतिहास द्वितीय वर्ष की परीक्षा थी, जिसका रिजल्ट कुछ दिनों पहले निकला। इस परीक्षा में नेहा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई थी। इस पर नेहा के पिता सुरेश पाल ने उनकी बेटी द्वारा लिखी गई कापियों को भी जांच में शामिल करने की कोर्ट में अपील की थी। इसे गंभीरता से लेते क्राइम ब्रांच बृहस्पतिवार को रूहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली गई थी, जहां से नेहा द्वारा लिखी गई इतिहास विषय के ‘वर्ल्ड हिस्ट्री’ की परीक्षा की उत्तर पुस्तिका ले आई है। क्राइम ब्रांच के दरोगा गौरव सिंह यादव ने बताया कि नेहा पाल द्वारा लिखी गई वर्ल्ड हिस्ट्री की एक कॉपी वह लाए हैं। इस कॉपी को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में अन्य प्रपत्रों के साथ भेजा जाएगा।