शाहजहांपुर/बुधवाना। थाना मदनापुर क्षेत्र में बुधवाना रोड पर बृहस्पतिवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मदनापुर क्षेत्र के गांव डिपिया में रहने वाले ऋषिपाल के 37 वर्षीय बेटे धर्मेंद्र उर्फ लालू सिंह अपने छोटे भाई जागेंद्र सिंह के साथ बृहस्पतिवार शाम को बहनोई राजवीर को छोड़ने बाइक से क्षेत्र के पेहना गांव गए थे। यहां से वापस आते समय शाम करीब सात बजे बुधवाना-मदनापुर रोड पर बरूआ गांव के पास सामने से आ रहे बगैर लाइट वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक पर पीछे बैठे धर्मेंद्र कूदकर टैक्टर से टकरा गए। धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे जागेंद्र घायल हो गए। चालक मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। ट्राली में ईंटें लदी हुई थी। सूचना पर पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धर्मेंद्र की मौत से घर में मचा कोहराम
धर्मेंद्र की मौत की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी मधुबाला, बेटे रजनीश, आशीष, शिखा, रिंकी और पिंकी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।