कलान प्रकरण:
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में डीएम से मिला शिष्टमंडल
शाहजहांपुर। कलान प्रकरण में भाजपा जिला इकाई भी सक्रिय हो गई है। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने डीएम से भेंटकर व्यापारियों की ओर से घटना का बिंदुवार ब्योरा भी डीएम के समक्ष रखा और जनहित में व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा वापस लेकर बाजार खुलवाने तथा घटना के मुख्य दोषी एसओ को निलंबित कराकर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव ने डीएम से कहा कि कलान ब्लाक की जनता एसओ नगदू यादव से त्रस्त हो चुकी है और उन्हें क्षेत्र में देखना नहीं चाहती। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने एसओ के बिंदुवार कारनामें भी डीएम के समक्ष रखे। कहा: क्षेत्र में न्यायप्रिय और ईमानदार थानाध्यक्ष नियुक्त किया जाना चाहिए। नगदू यादव के आतंक से जनता को मुक्त कराया जाए।
शिष्टमंडल में क्षेत्रीय महामंत्री जेपीएस राठौर, सत्यभान भदौरिया, राकेश मिश्रा, डीपी सिंह राठौर, अंशुल सिंह चौहान, अनिल वाजपेयी, अजीत सिंह चौहान, पंकेश गुप्ता, पवन सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, दिलीप गुप्ता, शांती प्रकाश अवस्थी, अजय प्रजापति, सुमित सक्सेना, प्रशांत सक्सेना, रमाकांत मिश्र, दिनेश सिंह राठौर आदि शामिल रहे।
अजय
000
कलान प्रकरण में एसपी से मिले व्यापारी नेता
0 साथियों के समर्थन में उतरा कंछल और श्याम बिहारी गुट
0 दोनाें गुटों की एक ही मांग, व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे वापस हों
शाहजहांपुर। कलान में व्यापारियों और पुलिस के बीच चल रहे टकराव में जिले के व्यापार संगठन खुलकर कूद पड़े हैं। इस संबंध में अलग-अलग गुटों की बैठकें हुईं और एसपी को ज्ञापन देकर व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा वापस लिए जाने और सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग उठाई गई। व्यापारियों का साफ कहना है कि जिस तरह से कलान का बाजार बंद हुआ है, उससे स्पष्ट होता है कि वहां के लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। इसलिए कलान के एसओ को हटाकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और व्यापारियों पर दर्ज रिपोर्ट वापस हो।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (कंछल गुट) के जिला महामंत्री मनोज खन्ना, नारायण दास अग्रवाल, प्रभात रंजन पांडेय, लक्ष्मी कांत मिश्र, सचिन बाथम ने डीएम और एसपी को ज्ञापन देकर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया और कलान में स्थिति सामान्य बनाने के लिए एसओ को हटाने तथा व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा स्पंज किए जाने की मांग की। ज्ञापन में घटना की जांच मजिस्ट्रेट स्तर से कराने की भी बात कही गई है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (श्याम बिहारी मिश्र गुट) के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से मुलाकात की और कलान घटना पर गहरा रोष जताते हुए व्यापारियों के साथ हुई मारपीट तथा दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की। श्री दुआ ने कहा कि व्यापारी वर्ग लड़ाई-झगड़ा से दूर रहता है, क्योंकि उसे व्यापार करना होता है, लेकिन पुलिसिया कार्यवाही उसे उद्धेलित करती है। कलान में मामूली बात पर दुकानदार को पीटना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं कहा जा सकता। कलान के व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भयभीत हैं, इसलिए उनके खिलाफ दर्ज रिपोर्ट तत्काल वापस कराई जाए और तोड़फोड़ में जिन व्यापारियों का नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिलाया जाए। इस मौके पर नाजिम खां, धर्मपाल रैना, ललित खुराना, राजीव गुप्ता, अंकुर गांधी, चंद्र प्रकाश गुलाटी, दीपू, सतीश गुप्ता, सोनू सिंह, गोविंद गुप्ता, मो. आसिफ आदि मौजूद रहे।