हाईस्कूल अंग्रेजी के पेपर में नेहरू इंटर कॉलेज में मिलीं कार्बन कापियां
- पुनर्परीक्षा की संस्तुति, केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट की कार्रवाई, नया केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को एक और केंद्र पर सामूहिक पकड़ी गई। यह दूसरा मौका है जब किसी केंद्र पर सामूहिक नकल पकड़ी गई हो।
सहायक लेखाधिकारी ने सचल दल नंबर चार का नेतृत्व करते हुए कोराकुइयां के एक केंद्र पर हाईस्कूल अंग्रेजी के पेपर के दौरान छापा मारा। वहां उन्होंने परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान किया तो लगभग उत्तरों में समानता पाई गई। इसी बीच उन्हें हस्तलिखित दो ऐसे कागजों की फोटो स्टेट प्रतियां मिलीं, जो विषय से संबंधित थीं। लेखाधिकारी की संस्तुति पर डीआईओएस ने यह परीक्षा निरस्त कर पुनर्परीक्षा की संस्तुति की है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। उनके स्थान पर कालेज के वरिष्ठ शिक्षक को केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त कर दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा के सहायक लेखाधिकारी सचिन दीक्षित के नेतृत्व में सचल दल नेहरू इंटर कॉलेज कोरोकुइयां पहुंचा। यहां सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा चल रही थी। सचल दल के सदस्यों ने जब परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान किया तो उनके उत्तर में समानता पाई गई। इसी बीच दल के सदस्यों को दो परीक्षार्थियों के पास से हस्त लिखित पेपर की कार्बन कापियां भी मिलीं, जिससे केंद्र पर सामूहिक नकल होना सिद्ध हो गया।
श्री दीक्षित की संस्तुति पर डीआईओएस जेपी सिंह ने केंद्र की अंग्रेजी विषय की परीक्षा निरस्त कर पुनर्परीक्षा की संस्तुति की है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक श्रीराम पाली के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। श्री पाली को हटाकर उनके स्थान पर कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक राजेश कुमार को केंद्र व्यवस्थापक का दायित्व सौंप दिया गया है।
हाईस्कूल-इंटर के तीन
तीन नकलची धरे गए
सामूहिक नकल के अलावा प्रथम पाली में हाई स्कूल अंग्रेजी के पेपर के दौरान सचल नंबर पांच का नेतृत्व करते हुए बीएसए मनोज कुमार वर्मा ने पोहप सिंह इंटर कॉलेज पहाड़पुर में दो तथा सचल दल नंबर तीन का नेतृत्व करते हुए केएस शुक्ला के दल ने खुटार में एक छात्रा अनुचित साधन के साथ पकड़कर बुक की गई। वहीं दूसरी पाली में इंटर रसायन विज्ञान के पेपर में दल नंबर तीन ने ही वनस्थली शिक्षण संस्थान बंडा में तीन नकलची दबोच लिए। यानी शुक्रवार को कुल छह नकलची भी पकड़े गए।
सामूहिक नकल पकड़े
जाने के विरोध में प्रदर्शन
कक्ष निरीक्षक ने डीएम के समक्ष रखी अपनी बात
- सचल दल के सदस्य पर लगाए गंभीर आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। नेहरू इंटर कॉलेज कोरोकुइयां के शिक्षकों ने सामूहिक नकल पकड़े जाने का विरोध किया है। शिक्षकों का आरोप है कि सचल दल के एक सदस्य ने ही अपनी जेब से कार्बन कापी निकालकर परीक्षार्थियों से मिलना दर्शाई है।
केंद्र व्यवस्थापक के साथ आए शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और इसके बाद डीएम को एक पत्र दिया, जिसमें कहा गया कि प्रथम पाली में वित्त एवं लेखाधिकारी ने सचल दल केसाथ केंद्र का निरीक्षण किया था। उन्हीं के साथ आए एक सदस्य ने अपनी जेब से कार्बन कापी निकाली, जिसे अतिरिक्त निरीक्षकों और उड़नदस्ता के सदस्यों ने देखा। ऐसा होते देख कक्ष संख्या आठ में ड्यूटी कर रहे कक्ष निरीक्षकों ने टोका भी, लेकिन उन्हें डपट दिया गया। आरोप है कि संबंधित सदस्य ने केंद्र व्यवस्थापक और उप केंद्र व्यवस्थापक से मोटी रकम की भी मांग की। प्रदर्शन करने और डीएम से मिलने वालों में केंद्र व्यवस्थापक श्रीराम पाली, राजेश कुमार शुक्ला, धर्मेंद्र सिंह, धनीराम, आदेश सक्सेना, शैलेंद्र सिंह, शारदा देवी, योगेंद्र सिंह, फिरोज खां, सुधीर शुक्ला, मुस्तकीम खां, फैजान खां, आशीष दीक्षित समेत अन्य शिक्षक शामिल रहे।