मीरानपुर कटरा। खानकाह हुसैनिया में उर्स कलीमी के चौथे दिन आज मसरूरे मिल्लत कांफ्रेंस में उलेमा हजरात ने नेक और एक रहकर तमाम मखलूक के साथ भलाई की नसीहत की। नात और मनकबत के नजराने पेशकर फातिहाख्वानी हुई।
अकीदतमंदों के हुजूम को संबोधित करते हुए मौलाना हजरत मुजीबुर्रहमान ने कहा कि अल्लाह के नेक बंदों ने हमेशा तमाम मखलूक और कायनात के साथ हमदर्दी और गमगुसारी का बर्ताव कर सबको नेक बनने की हिदायत की। कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलकर हम सब अल्लाह और उसके रसूल के सच्चे फरमाबरदार बन सकते हैं। कहा कि बुराइयों से दूर रहकर दुनिया और आखिरत में कामयाबी के लिए नेक और एक रहना लाजिम है।
मौलाना हजरत जहांगीर हसन कलीमी ने हजरत मसरूर मियां की हयात और कारनामों पर रोशनी डालते हुए उनकी तालीम पर अमल करने की अपील की। शेखुलहदीस हजरत हसनैन रिजवी ने दुआ की। फातिहा ख्वानी के बाद मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ की गई। मदरसा जमीयतुल चिश्तिया के तलबा ने नात शरीफ और मनकबत पेश की। रात में महफिल समंा के दौरान मशहूर कव्वालों ने अपने कलाम पेश किए। तमाम अकीदतमंदों समेत उर्स प्रभारी डॉ. असद कलीमी और खानकाह के लोग मौजूद रहे।
एमएलसी जयेश प्रसाद भी मंगलवार को शाम खानकाह पहुंचकर सज्जानशीन हजरत मसूद अहमद कलीमी से मिले और अपने समर्थकों के साथ हजरत दूल्हा मियां के मजार मुबारक पर चादरपोशी की। एसडीएम बीडी वर्मा और सीओ बीडी कठेरिया ने भी आकर उर्स का जायजा लिया।