निकल आए टोपे, कैप, दस्ताने, मफलर और ओवर कोट
- दृश्यता कम होने से घटी ट्रेनों की रफ्तार, कई ट्रेनें हुई लेट
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। सर्दी के चालू सीजन में शनिवार को सुबह कोहरे की दस्तक से थर्मामीटर का पारा तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया और इसी के साथ ठंड में भी इजाफा हो गया। सुबह लोग बिस्तर छोड़कर बाहर आए तो ठिठुरन का अहसास हुआ। नतीजे में ओवरकोट, दस्ताने, मफलर, कैप, टोपे आदि गर्म कपड़े भी बाहर निकल आए। उधर, रेलवे ट्रैक पर छाई धुंध से दृष्यता में कमी आई तो ट्रेनों की रफ्तार भी घट गई। सुबह यहां पहुंचीं कई ट्रेनों को फॉग सिग्नल के सहारे प्लेटफार्मों पर लाया गया।
सर्दी ने यूं तो दिवाली से ही दस्तक दे दी थी। चालू दिसंबर की शुरुआत में ऊनी और गर्म कपड़ों का कारोबार गरमाने लगा। यही नहीं, ज्यादातर लोगों ने हॉफ स्वेटर, पुलोवर, जैकेट, जर्सी आदि से खुद को लपेटना शुरू कर दिया। बावजूद इसके कड़ाके की ठंड का दौर शुरू नहीं होने से मफलर, दस्ताने, कैप आदि घरों में पैक रहे। आज सुबह बिस्तर छोड़कर लोग बाहर निकले तो चारों ओर कोहरे की चादर लिपटी देखी। ठंड का अहसास कुछ ज्यादा महसूस हुआ तो बक्सों में सहेजे मफलर, कैप, दस्ताने आदि सेखुद को लपेट लिया।
कोहरे की वजह से सुबह धूप भी देर से खिली। आठ बजे के बाद जमीन पर उतरी सूरज की किरणों में आम दिनों जैसी तपिश महसूस नहीं हुई। इस कारण बुजुर्ग और बच्चे दिन भर गर्म कपड़ों से लिपटकर धूप सेंकने केलिए छतों या फिर खुली जगहों पर घूमते रहे। सुबह के समय सर्दी ज्यादा होने से गरीब तबके के अधिकांश लोग घरों में कैद रहे। हालांकि, रोज कुआं खोदकर पानी पीने को मजबूर तबके में शामिल मजदूर पेशा लोग ही काम की तलाश में बाहर निकले। इस वजह से सड़कों पर सुबह रिक्शे भी कम दिखे।
इन ट्रेनों की रफ्तार
को लगा ब्रेक
सुबह सवा छह बजे से साढ़े सात बजे तक कोहरे का असर कायम रहने से इस दौरान चलने वाली कई ट्रेनों की रफ्तार को ब्रेक लग गया। रेल अधिकारियों के अनुसार गुवाहाटी से नई दिल्ली जाने वाली 5609 अप अवध असम एक्सप्रेस, 4115 अप इलाहाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस, देहरादून से हावड़ा जाने वाली 3010 दून एक्सप्रेस, 3006 डाउन पंजाब मेल, 3050 डाउन डुप्लीकेट पंजाब मेल आदि ट्रेनें यहां 15 से 25 मिनट लेट पहुंचीं।
तापमान में और कमी के आसार
‘मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। कोहरे की वजह से आज दिन में तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो बीते दिन की तुलना में 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। कोहरे की शुरुआत हो जाने से तापमान और गिरने के आसार हैं। वातावरण में नमी भी बढ़कर सुबह 94 फीसदी हो गई।’
-सुरेंद्र सिंह यादव, मौसम विश्लेषक, गन्ना शोध परिषद
डेटोनेटर दागकर चलाई गईं ट्रेनें
‘रेल मुख्यालय के उच्चाधिकारियों से जारी आदेश के अनुसार कोहरे की शुरुआत के साथ ही ट्रेनें चलाने के लिए फॉग सिग्नल इस्तेमाल किए जाने लगे हैं। शनिवार को यहां से कई ट्रेनें पटरियों पर डेटोनेटर दागकर चलाई गईं। विभिन्न स्टेशनों पर यह प्रक्रिया अपनाए जाने से ट्रेनों की स्पीड पर मामूली फर्क पड़ा है।’
-एके गौतम, स्टेशन अधीक्षक, उत्तर रेलवे