रोजा और अल्हागंज क्षेत्र में हुई दुर्घटनाएं
- जीएफ कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी नीलम
- अल्हापुर चौराहे पर खराब खड़ी डीसीएम में ट्रक घुस
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। छात्रा की मौत से उसके परिवारवालों का रो-रोकर बुराहाल है।
थाना रोजा के गांव भावलखेड़ा निवासी राम लडै़ते की 18 वर्षीय पुत्री नीलम शहर के जीएफ कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह नौ बजे वह साइकिल से कॉलेज आने के लिए गांव से निकली थी। सड़क पर आते ही शाहजहांपुर की तरफ से मोहम्मदी जा रहे ट्रक की चपेट में आने से नीलम की मौत हो गई और उसकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्रा की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है।
इसके अलावा बृहस्पतिवार की रात अल्हागंज के अल्हापुर चौराहे पर खराब खड़ी डीसीएम में ट्रक घुस गया। जिससे ट्रक चालक बंटू (25) पुत्र रामौतार निवासी गांव नगला नरू सिरसागंज थाना बरनाल (मैनपुरी) की मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार 22 वर्षीय छोटू घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जीएफ कॉलेज में दी गई
छात्रा को श्रद्धांजलि
शाहजहांपुर। जीएफ कॉलेज में हुई शोकसभा में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा नीलम की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर शोक जताया गया।
प्राचार्य डॉ. अकील अहमद ने छात्रा के निधन पर शोक जताते हुए उसके घरवालों को यह अपार दुख सहन करने की प्रार्थना की। शोकसभा में छात्र-छात्राएं और महाविद्यालय स्टाफ के सदस्य शामिल हुए और सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रा के लिए प्रार्थना की। सभा के बाद कॉलेज में शोकावकाश कर दिया गया, जिससे कॉलेज घोर सन्नाटे में डूब गया।