एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
- शाहजहांपुर के मोहल्ला छोटाचौक का रहने वाला था अर्पित
- जलालाबाद के मोहल्ला महाजनान में रहते हैं लापता अनिल
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। कार्तिक मेला ढाईघाट में मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के बाद गंगाजल लेने गए साले-बहनोई गंगा में डूब गए। साले का शव नदी से बरामद कर लिया गया है, जबकि उसके बहनोई का पता नहीं लग सका है, उसकी तलाश गोताखोर कर रहे हैं।
शाहजहांपुर के मोहल्ला छोटाचौक के रहने वाले ओम प्रकाश कटियार बीसलपुर (पीलीभीत) चीनी मिल में कार्यरत हैं। श्री कटियार रविवार को पत्नी शशि, युवा पुत्र अर्पित और जलालाबाद के मोहल्ला महाजनान में रहने वाले दामाद अनिल कुमार पुत्र मूलचंद्र भारद्वाज के साथ गंगा स्नान करने ढाईघाट आए थे। रविवार की सुबह करीब दस बजे सभी लोगों ने गंगा स्नान किया। अभी ओमप्रकाश और उनकी पत्नी गंगातट पर कपड़े बदल ही रहे थे कि गंगाजल घर ले जाने की याद आ गई। इस पर उन्होंने दामाद और बेटे से कहा कि जाकर गंगाजल भर लो। तभी साले-बहनोई दोनों गंगाजल भरने के लिए दोबारा गंगा में गए और गहरे में चले गये। एक दूसरे को बचाने के चक्कर में दोनों नदी मेें डूब गए। पुत्र और दामाद के डूबने की जानकारी होते ही ओमप्रकाश और उनकी पत्नी बदहवास होकर मेला कोतवाली में पहुंचे और पुलिस से दोनों को बचाने की गुहार की। तुरंत ही पुलिस कुछ गोताखोर लेकर दोनों को गंगा में तलाश करने गई। काफी तलाश के बाद शाम चार बजे के करीब अर्पित का शव बरामद हो गया, जबकि दामाद अनिल की तलाश जारी है।
पिता ओमप्रकाश ने बताया कि अर्पित (22 साल) इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, जबकि दामाद अनिल अपना व्यवसाय करते हैं। वे अपनी पत्नी के आग्रह पर दामाद और बेटे के साथ गंगा स्नान करने आए थे। गंगा ने उनके पुत्र और दामाद को ले लिया है। वे बड़ी श्रद्धा से गंगा स्नान करने आये थे, लेकिन अब उनकी आस्था समाप्त हो गयी है।