0 युवक की मां ने जताई थी अपहरण कर हत्या की आशंका
रोजा। जिस युवक का अपहरण कर हत्या की आशंका जताई जा रही थी, वह शनिवार को सरायकाइयां में रिक्शा चलाता मिला। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी रामबेटी ने चार दिन पहले पुलिस अधीक्षक से भेंटकर आरोप लगया था कि उसके 22 वर्षीय पुत्र सर्वेश का चार लोगों ने अपहरण कर लिया है। यही नहीं महिला ने आशंका जताई थी कि उसके पुत्र का अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गई है। एसपी ने एसओ रोजा को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के पेच कसते हुए दो दिन में युवक का सुराग लगाने को कहा। पुलिस की सख्ती की वजह ही रही कि आरोपियों ने सर्वेश का सुराग लगा लिया। उन्होंने शनिवार को पुलिस को बताया कि जिस सर्वेश के अपहरण की बात कही जा रही है, वह सराय काइयां मे रिक्शा चला रहा है। इतनी जानकारी होने पर पुलिस आनन-फानन में सराय काइयां पहुंच गई। पुलिस के साथ सर्वेश का अपहरण करने के आरोपी भी गए। यहां दुकान पर चाय पीते समय पुलिस ने सर्वेश को बरामद कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।