परिषदीय स्कूल अकर्रा रसूलपुर में मना वार्षिकोत्सव
- राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा ने किया स्मारिका कच्ची मिट्टी का विमोचन
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। विकास खंड ददरौल के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल अकर्रा रसूलपुर की स्थापना के 50 वर्ष होने के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। परिषदीय स्कूलों के इतिहास में यह पहला मौका भी है, जहां वार्षिकोत्सव मनाया गया। नई परंपरा डाल यहां के बच्चों और स्टाफ के सदस्यों ने एक और मील का पत्थर स्थापित किया है। इस मौके पर कच्ची मिट्टी नामक स्मारिका का भी विमोचन किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप जलाकर किया। इसके पश्चात बच्चों ने मां शारदे की वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गति प्रदान की। रंगारंग कार्यक्रमों की श्रंखला में दोनों स्कूलों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर तालियां बटोरीं। मुख्य रूप से लघु नाटिका भिखारी और बेटा-बेटी, देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, राधा-कृष्ण नृत्य आदि सर्वाधिक सराहे गए।
समापन अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष लल्लन मिश्रा, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी पीपी सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी भगवान राव, प्राथमिक स्कूल के प्रधान अध्यापक मुदित किशोर सेठ और उच्च प्राथमिक स्कूल की प्रधान अध्यापिका शारदा सक्सेना ने प्रतिभागी और मेधावी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्री वर्मा ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वह बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा देकर समाज और राष्ट्र को दिशा देने में महती भूमिका निभाएं।
पंकज कुमार और आदर्श श्रीवास्तव के संचालन में हुए समारोह में शिक्षक नेता राम किशोर शर्मा, मुनीश मिश्रा, रवींद्र प्रजापति, राजकमल आर्य, अनंत वाजपेयी, हृदयेश कुमार, मो. शाहनवाज, दाताराम वर्मा, कृष्ण कुमार वर्मा, अशोक कुमार, ग्राम प्रधान माया प्रकाश वर्मा, प्रेमपाल गंगवार, रूफिया खान, प्रमोद कुमार, राम शंकर यादव, ओपी राजपूत, मो. आसिफ, पंकज दीक्षित, हरजीत रानी, अनीता वर्मा, रामचंद्र, स्मिता श्रीवास्तव, अर्पणा सिंह, सुगंध रानी, गीता वर्मा, समीर कांत आदि का योगदान रहा।