परेशान छात्राओं का प्रदर्शन, डीएम से गुहार
- प्रशासन ने चेक वितरण में दिखाई लापरवाही, 20 जनवरी डाली गई है चेक पर तिथि
अमर उजाला नेटवर्क
खुटार। बैंक प्रबंधक ने कन्या विद्याधन के चेक जमा करने और उनका भुगतान करने से इंकार कर दिया। परेशान छात्राओं ने प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी को पत्र भेजकर भुगतान दिलवाने की मांग की है।
आज तमाम छात्राएं चेक लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा की खुटार शाखा पहुंची और खाते में चेक जमा करने को फार्म भरा। बैंक प्रबंधक ने चेक की डेट निकलने की बात कहते हुए चेक जमा करने से इंकार कर दिया। इससे छात्राओं में रोष फैल गया। वे बैंक के बाहर नारेबाजी करने लगीं। बाद में डीएम को पत्र भेजकर चेक जमा कराए जाने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान गीता देवी, अर्चना देवी, सीमा देवी, शिवम कुमारी, रानी देवी, सपना अवस्थी, प्रियंका देवी आदि छात्राएं मौजूद रहीं।
इस संबंध में बैंक प्रबंधक स्वर्ण सिंह का कहना है कि ट्रेजरी से जारी हुए चेकों पर 20 दिसंबर की तारीख पड़ी है। इन चेकों का केवल जनवरी में ही भुगतान हो सकता है। चेक जमा करने के बाद उसे ट्रेजरी भेजा जाएगा तक तक भुगतान तिथि निकल जाएगी। इस कारण चेक जमा नहीं किए गए हैं। चेक की तिथि निकल जाने के मामले में प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई है। 20 दिसंबर को जारी हुए चेकों का वितरण 28 जनवरी को किया गया, जिस कारण भी छात्राओं की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
‘चेक नहीं जमा किए जाने की जानकारी मिलने पर बैंक प्रबंधक से बात की गई है। उनसे चेक जमा करने को कहा गया है। चेक पुवायां ट्रेजरी से ही पास हो जाएंगे। चेक पाने वाली छात्राओं को भुगतान जरूर मिलेगा।’
- भरतलाल सरोज, एसडीएम पुवायां
270 बेरोजगारों को
मिले भत्ता के चेक
शाहजहांपुर। जिले केप्रभारी मंत्री ओम प्रकाश सिंह द्वारा कन्या विद्या धन और बेरोजगारी भत्ता योजना का शुभारंभ किए जाने के बाद बीते दिन और आज मंगलवार को 270 पंजीकृत बेरोजगारों को शासन से घोषित भत्ता के चेक दिए गए।
बता दें कि प्रभारी मंत्री ने गांधी भवन में हुए समारोह में 132 बेरोजगार युवक-युवतियों को चेक दिए थे। इस तरह अब तक बेरोजगारी भत्ता से कुल 402 आवेदक लाभान्वित हो चुके हैं। सेवायोजन कार्यालय में शेष चेकों का वितरण डिप्टी कलेक्टर लाल बहादुर, विनय कुमार पाठक, प्रेम सिंह और जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पांडेय ने किया। जिला सेवायोजन अधिकारी कमल किशोर के अनुसार जो लाभार्थी नियत तिथियों में चेक प्राप्त नहीं कर सके, वे किसी भी कार्य दिवस में उनके कार्यालय से संपर्क करके चेक हासिल कर सकते हैं। अवशेष लाभार्थियों के भत्ते की धनराशि उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।