ग्राम प्रधान के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
- जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन देकर केंद्र बहाली की मांग
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। गिरगिचा (निगोही) स्थित डालमियां शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र हटा लिए जाने पर सिंधौली क्षेत्र के गांव कटिया बुजुर्ग और आसपास के तमाम ग्रामीण शुक्रवार को भड़क उठे। उन्होंने ग्राम प्रधान ज्वाला देवी के नेतृत्व में मुख्यालय पर आकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन देकर क्रय केंद्र पूर्व की भांति गांव में ही स्थापित कराने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है: मिल का क्रय केंद्र गत चार-पांच वर्ष से कटिया बुजुर्ग में कायम था जिसमें करनैयापुर और अन्य कई गांव भी शामिल थे। इस बार गन्ना क्रय केंद्र कटिया बुजुर्ग की सीमा से हटाकर तेरा गांव में लगाया जा रहा है जिससे क्षेत्र के तमाम गन्ना उत्पादक प्रभावित होंगे। डीसीओ ने ग्रामीणों को मिल प्रबंधन से वार्ता कर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में दिनेश कुमार, सुमित कुमार, जेबराम वर्मा, नरेश चंद्र, तेजराम, सोहर अली, मो. इस्लाम, सत्यपाल, राम भजन, मीर हसन, रघुवर आदि शामिल रहे।