शाहजहांपुर/रोजा। दो दिन पहले बंथरा के पास महत्वपूर्ण रेल प्वॉइंट टूटने की असली वजह अभी पता भी नहीं चल पाई थी कि गुरुवार तड़के अटसलिया फाटक के पास एक प्वॉइंट टूट गया। इस खराबी के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की रफ्तार थम गई और उन्हें विभिन्न स्थानों पर रोकना पड़ा।
रेल सूत्रों केअनुसार रोजा अप यार्ड में खड़ी मालगाड़ी की एक रैक गुरुवार को देर रात डेढ़ बजे अटसलिया एफसीआई गोदाम भेजी गई। इसके बाद एक अन्य मालगाड़ी को निकालने के लिए प्वॉइंट लगाया गया, लेकिन लगा नहीं। इससे इलेक्ट्रॉनिक पैनल भी जाम हो गया और पॉवर केबिन में सिगनल इंडीकेटर्स ने भी काम करना बंद कर दिया। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दिए जाने पर संकेत अभियंता भुसैली प्रसाद मौके पर पहुंचे।
उन्होंने करीब एक घंटे की अथक मेहनत के बाद फाल्ट सही करके तड़के ढाई बजे से रेल यातायात सुचारु कराया। इस बीच बरेली से आ रही डाउन लाइन की पद्मावत एक्सप्रेस को करीब 55 मिनट तक रोजा पश्चिमी आउटर और गोरखपुर जाने वाली आनंद विहार एक्सप्रेस को एक घंटे तक स्थानीय स्टेशन पर रोकना पड़ा। बता दें कि मंगलवार तड़के बंथरा स्टेशन के पास अप और डाउन ट्रैक को जोड़ने वाला क्रास ओवर प्वॉइंट टूट जाने से रेल यातायात घंटों अस्त-व्यस्त रहा। एडीआरएम के बाद आज फिर मुरादाबाद से अनुभागीय अधिकारियों ने बंथरा जाकर टूटे प्वॉइंट की जांच की। इस घटना की जांच पूरी हो भी नहीं पाई कि प्वॉइंट में फाल्ट का नया मामला सामने आने से स्थानीय रेल अधिकारी खासे परेशान हैं।