कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन के बाद जनप्रतिनिधियों को घेरेंगे
- सपा सरकार द्वारा योजना शुरू नहीं करने का विरोध
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार की वायदा खिलाफी से आहत किसान मित्र दिवाली के दिन त्योहार मनाने के बजाय कलक्ट्रेट में अनशन और जनप्रतिनिधियों के आवास पर जाकर उनका घेराव करेंगे। यह निर्णय किसान मित्र वेलफेयर एसोसिएशन की शनिवार को हुई आपात बैठक में सर्वसम्मति से हुआ।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रमोद यादव ने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में सपा ने सत्ता में आने पर पिछले कार्यकाल की तरह किसान मित्र योजना फिर से लागू करने का वायदा किया। इसलिए पूर्व में चयनित हुए किसान मित्रों ने इस उम्मीद में रोजगार के अन्य विकल्प नहीं खोजे कि आने वाले समय में उनकी आजीविका किसान मित्र मानदेय मिलने से हो जाएगी, लेकिन सरकार अपने वायदे को भुलाकर सकारात्मक आशाओं पर कुठाराघात कर रही है।
अध्यक्षता करते हुए जिला प्रभारी राजेश कुमार यादव ने कहा: सपा की सरकार बनने के बाद से कई बार ज्ञापन देने पर भी शासनादेश जारी होना तो दूर रहा, योजना को पुनर्जीवित करने का किसी स्तर पर आश्वासन तक नहीं दिया जा रहा। इसलिए आंदोलन करना विवशता हो गई है। तय किया गया कि आर्थिक तंगी से परेशान किसान मित्र 13 नवंबर को दीवाली नहीं मनाकर कलक्ट्रेट में अनशन करके प्रशासन का ध्यानाकर्षण करेंगे। बाद में सपा सांसद मिथिलेश कुमार, विधायक राजेश यादव और राममूर्ति वर्मा के आवास पर जाकर घेराव करेंगे।
बैठक में सियाराम यादव, राम किशोर, रफ्फन खां, देवेंद्र यादव, राजीव यादव, गप्पू यादव, राजवीर सिंह, सर्वेश कुमार, यशपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, बृजेश सिंह चौहान, रामनिवास, बृजेश सोमवंशी, रामाधार, लाल सिंह यादव, हरीशंकर श्रीवास्तव, अजय दीक्षित, अवनीश श्रीवास्तव आदि ने विचार रखे।