लॉकर का डबल लॉक तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
-पश्चिमी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मुकर्रमपुर शाखा में हुई घटना
अमर उजाला नेटवर्क
शाहजहांपुर/रोजा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा मुकर्रमपुर की दीवार में सोमवार रात चोरों ने पीछे से नकब लगा दी। लॉकर का डबल लॉक तोड़कर चोर उसमें रखे तीन लाख 87 हजार 612 रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
रोजा थाना क्षेत्र के गांव मुकरमपुर में स्थित ग्रामीण बैंक शाखा को शाम साढ़े पांच बजे बंद करने के बाद शाखा प्रबंधक तेजराम सिंह शाहजहांपुर आ गए थे। मंगलवार की सुबह साढ़े नौ बजे बैंक कैशियर ममनून खां के पहुंचने पर सफाई कर्मी गुड्डू ने बैंक का ताला खोला। भीतर दीवार में नकब लगी देख उसने कैशियर को जानकारी दी। दोनों ने अंदर जाकर देखा तो लॉकर के ताले टूटे पड़े थे और उसमें रखे तीन लाख 87 हजार 612 रुपये गायब थे। अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक गांव के रामकिशोर यादव की दुकानों में है। इसके पीछे रामकिशोर का खाद का गोदाम है। पहले चोरों ने गोदाम में सेंध लगाई। इसके बाद पीछे से बैंक की दीवार में सेंध लगाकर दोनों लॉकर तोड़ लिए। बैंक में चोरी की सूचना पर एसपी चन्द्र प्रकाश और सीओ संजय कुमार ने मौका मुआयना किया। फिंगर एक्सपर्ट ने और डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया गया। हालांकि इनसे कोई खास सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। बैंक में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। न तो गार्ड ही बैंक पर तैनात था और न ही सीसी कैमरे लगे थे।