0 हवन के बाद मिट्टी की थैली देकर भाग निकले नटवरलाल
0 ठगों के दो साथी हिरासत में, दर्ज नहीं की गई रिपोर्ट
देवकली/बंडा (शाहजहांपुर)। पुत्र की बीमारी जादू-टोने से ठीक कर देने का झांसा देकर ठगों ने छह लाख के जेवर पार कर दिए। ठग गृहस्वामी को मिट्टी की थैली देकर फरार हो गए। पुलिस ने दो ठगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव गहलुईया निवासी गुरदीप सिंह का पुत्र कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। इलाज के बाद भी फायदा नहीं होने पर उन्हें किसी ने ऊपर का चक्कर दिखा लेने को कहा। वह ठगों के जाल में फंस गए। एक व्यक्ति ने हवन आदि से लड़के की ठीककरने की बात कहते हुए तीन लोगों को उनके घर भेज दिया।
रविवार की रात ठगों ने घर के बाहर हवन किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि घर में रखे सोने में खोट होने के कारण लड़काठीक नहीं हो रहा है। शुद्धिकरण के नाम पर घर में रखे सोने के सभी जेवर ठगों ने कब्जे में लेकर एक मिट्टी की थैली में डाल दिए और रात लगभग तीन बजे हवन समाप्त कर थैली गुरदीप को वापस कर दी। हिदायत दी गई कि थैली को दूसरे दिन से पहले खोला गया तो सोना फिर खोटा हो जाएगा। ठग रात में खिसक लिए। इससे उन्हें कुछ शक हुआ। थैली को खोला गया तो उसमें मिट्टी भरी थी और सोने के सभी आभूषण गायब थे। रात में ठगों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सुबह गुरदीप ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें साथ लेकर ठगों के गुरु को खुटार के गांव जादौंपुर कलां से और पीलीभीत के थाना सेहरामऊ क्षेत्र से एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया। उनसे थाने में पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
0000
वर्जन
‘ठगी की सूचना पर मामले की जांच की जा रही है। दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभियोग दर्ज कर विवेचना की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
-तेजपाल सिंह, एसओ बंडा