छापे में बरामद हुई थीं 70 बोरियां
- राम प्रसाद बिस्मिल स्टेशन पर मालगाड़ी से सीमेंट चुराने के आरोप में पकड़े गए थे
अमर उजाला नेटवर्क
रोजा। राम प्रसाद बिस्मिल स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से चुराई गयी 265 बोरी सीमेंट में से 70 बोरी सेहरामऊ दक्षिणी की पुलिस ने गांव पसियानी से बरामद कर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोप है कि थाने पहुंचते-पहुचते मामले की डील हो गई और इसकी भनक आरपीएफ को नहीं लगी। पुलिस ने सभी आरोपियो को मय माल छोड़ दिया है, जिससे इसकी कर्तव्य निष्ठा पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
नौ मई को सेहरामऊ दक्षिणी के गांव पसियानी में पुलिस को सूचना मिली की एक मकान में रेल से चुराए गए सीमेंट की 265 बोरियां रखी हैं। पुलिस ने आनन-फानन में छापा मारा और यहां रखी 70 बोरियाें को बरामद कर मकान मालिक सहित पांच लोगों को हिरासत में ले लिया और बरामद बोरियों को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से लादकर थाने ला रहे थे, किंतु न तो थाने आरोपी ही पहुंचे और न ही बरामद बोरियां।
उधर, रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार आठ मई को जबलपुर से चनहेटी के लिये एक मालगाड़ी से दस डिब्बा में सीमेंट आ रहा था, जो राम प्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन पर करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। पास ही में गांव पसियानी है, जहां के आधा दर्जन से अधिक लोगाें ने वैगनों की सील तोड़कर करीब 265 बोरी सीमेंट चुरा लिया था।
माल बरामदगी की हमें जानकारी नहीं
गांव पसियानी से किसी माल की बरामदगी की हमें जानकारी नहीं है। न ही किसी चोरी के माल की होने की कोई सूचना हमको दी गयी है। हो सकता है कि रेलवे के सुरक्षा बलों ने छापा मारकर माल को बरामद किया हो।
- धीरज शुक्ला, एसओ सेहरामऊ दक्षिणी
‘हम कई दिनों के अवकाश के बाद आज रविवार को ही लौटे हैं। इस तरह की कोई जानकारी हमारे पास नहीं। आरपीएफ ने कोई माल बरामद नहीं किया है। न ही कहीं से कोई चोरी की कोई सूचना दी गयी है।’
- मो. अनीस, प्रभारी आरपीएफ रोजा
‘नौ मई को गांव पसियानी से बरामद सीमेंट की बोरियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जाते हमने देखा था। साथ में थाना सेहरामऊ दक्षिणी की पुलिस भी थी। आगे क्या हुआ? हमको नहीं पता। बोरियां कहां से आई हम नहीं बता सकते।’
- क्षेत्रीय ग्रामीण