फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कटौती के खिलाफ उबाल, जलालाबाद में हाईवे जाम

Fri, 11 May 2012 12:00 PM IST
Shahjahanpur
विज्ञापन
विज्ञापन
कांग्रेसजनों ने डीएम से की रोस्टरिंग रोकने की मांग
विज्ञापन

- सपा सरकार में ही गहराता है बिजली संकट, बढ़ते हैं अपराध: कुरैशी
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। अघोषित बिजली कटौती का दौर जारी रहने से व्यापार संगठनों की तरह राजनीतिक दल भी सड़क पर उतरने को बाध्य होने लगे हैं। गुरुवार को बिजली कटौती के मुद्दे पर कांग्रेसजनों में भी उबाल आ गया। उन्होंने कलक्ट्रेट गेट पर सांकेतिक प्रदर्शन किया और डीएम एकेबरनवाल को ज्ञापन देकर बिजली संकट समेत शहर की अन्य ज्वलंत समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षण करते हुए कार्रवाई की मांग की।
इससे पहले कांग्रेसजन प्रसाद भवन स्थित कैंप कार्यालय में जुटे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित ने कहा: जिले में बिजली के लिए लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। बिजली के आने-जाने का कोई समय तय नहीं है। अधिकारी मनमाने तरीके से कटौती करके जवाबदेही से बचने को तरह-तरह की बहानेबाजी कर रहे है। इससे पेयजल संकट को भी बढ़ावा मिल रहा है और इन हालातों में सुधार नहीं होने पर कार्यकर्ताओं के धैर्य का बांध कभी भी टूट सकता है।
विज्ञापन

एआईसीसी सदस्य शाहिद अनवर कुरैशी ने बिजली संकट के लिए सपा को दोषी ठहराते हुए कहा: इतिहास गवाह है कि जब-जब सूबे में सपा की सरकार बनी, बिजली का अकाल पड़ने लगा और अपराधी सक्रिय हो गए।
शहर अध्यक्ष सुहेल बेग ने कहा: सपा सरकार के दो माह के कार्यकाल में जनता बिजली-पानी के संकट और अपराधों से त्रस्त होने लगी है। बैठक के बाद कांग्रेसजन कलक्ट्रेट गेट पर पहुंचे और सांकेतिक प्रदर्शन करके अपना आक्रोश व्यक्त किया।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में बिजली कटौती का समय नियत करने के साथ पॉवर सप्लाई के घंटे बढ़ाए जाने, पेयजल संकट दूर करने को शहर के नलकूप जेनरेटरों से चलवान की व्यवस्था कराने, गर्मी में संक्रामक रोगों की आशंका दूर करने को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए जाने, बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने को अपराधियों की धरपकड़ तेज किए जाने आदि मांगों का उल्लेख है।
प्रदर्शन में मुजीबउररहमान खां, रवींद्र सिंह, सगीर अहमद अंसारी, अहमद अली खां, जगदीश सिंह, अनवर जमाल अंसारी, मो. शबी अहमद, अनूप वर्मा, महेश केवट, हरनाम कटियार, राजीव गुप्ता, महेश बाबू मिश्र, संजय वर्मा आदि शामिल रहे।







आंदोलनकारियों ने सपा नेता की गाड़ी घेरी
- एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर खुला जाम
अमर उजाला नेटवर्क
जलालाबाद। शिकायतों के बावजूद बिजली कटौती में कमी न होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने गुरुवार को शाहजहांपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे लोग बेहाल हो गए। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने बेहतर बिजली सप्लाई के लिए अधिकारियों ने वार्ता करने का आश्वासन देकर जैसे-तैसे जाम खुलवाया।
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की किल्लत बढ़ती जा रही है। हाल यह है कि 24 घंटे में बमुश्किल तीन से चार घंटे मिलने वाली सप्लाई में भी लो वोल्टेज की समस्या नासूर बनी हुई है। बीते 15 दिनों से जारी इस अव्यवस्था को लेकर वकीलों सहित तमाम संगठन ज्ञापन और शिकायत के माध्यम से विरोध जताकर समस्या में सुधार न होने पर आंदोलन की धमकी दे चुके हैं, परंतु कोई सुनने को तैयार नहीं। बिजली विभाग तथा प्रशासन की इसी मनमर्जी के खिलाफ कांग्रेस के बैनर तले इकट्ठे हुए तमाम लोगों ने पहले बिजली दफ्तर पर मौजूद कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई।
इसके बाद यह लोग नारेबाजी करते हुए बारहपत्थर चौराहे पहुंचे और शाहजहांपुर-फर्रूखाबाद रोड अवरुद्घ कर दिया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गईं। धूप में परेशान तमाम लोगों की मिन्नतों के बाद भी आंदोलनकारी नहीं माने। काफी देर बाद एसडीएम शिवशंकर गुप्ता, सीओ रत्नेश चतुर्वेदी, कोतवाली इंचार्ज आरके सिंह मौके पर पहुंचे और बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार के लिए विभागीय अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। उधर, जाम लगाए आंदोलनकारियों ने वहां से निकल रहे सपा नेता केपी सिंह के वाहन को रोककर उनका घेराव कर लिया। इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में अधिकारियों से वार्ता करेंगे।
विज्ञापन

जाम लगाने वालों में सुनील भारद्वाज, अतित गुप्ता, आकिल खां, सादिक अली खां, कृष्णकांत दीक्षित, फैसल खां, आबिद, आसिफ, आकाश गुप्ता, मनोज सिंह, अखिलेश, रामू मिश्रा, इरशाद आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें