सोने पर एक्साइज ड्यूटी हटाए जाने का मामला
-
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। टैक्सों की बढ़ोत्तरी के खिलाफ करीब तीन सप्ताह तक तालाबंदी करके कारोबार ठप रखने वाले शहर के सर्राफा व्यवसाइयों में सोमवार को उस वक्त खुशी की लहर दौड़ गई जब उन्हें पता चला कि केन्द्र सरकार ने सोने पर एक्साइज ड्यूटी लगाने का प्रस्ताव वापस ले लिया है। विभिन्न सर्राफा यूनियनों से जुड़े आभूषण विक्रेताओं ने आतिशबाजी करके और मिठाइयां बांटकर केन्द्रीय वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के फैसले का स्वागत किया।
जलालनगर सर्राफा एसोसिएशन से जुड़े क्षेत्र के आभूषण व्यवसायी व्यापारी सुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सर्राफ के प्रतिष्ठान पर जमा हुए। उन्होंने व्यापारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए पटाखे छोड़े और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस मौके पर श्रीकृष्ण वर्मा, जितेन्द्र रस्तोगी, बृज किशोर वर्मा, विजय बत्रा, कमल वर्मा, प्रदीप रस्तोगी, महेश सोलंकी आदि मौजूद रहे।
उधर, चौक सर्राफा मार्केट में क्षेत्र के आभूषण व्यवसाइयों ने कपिल सिंह और ओमबाबू सर्राफ के संयुक्त नेतृत्व में आतिशबाजी करके और मिठाइयां बांटकर केन्द्र सरकार के फैसले को सकारात्मक बताया। इस मौके पर दीपू रस्तोगी, कमलेश वर्मा, अतुल अग्निहोत्री, राजकमल वर्मा, शुभम सिंह, सिद्घ गोपाल, राजेश सेठ आदि मौजूद रहे। सदर सर्राफा यूनियन की आपात बैठक महामंत्री विनोद सर्राफ के संचालन में उनके प्रतिष्ठान पर हुई जिसमें ज्वैलरी पर प्रस्तावित उत्पाद शुल्क वापस लेने के लिए पदाधिकारियों ने उन सभी व्यापारियों का आभार जताया, जिन्होंने 21 दिवसीय बाजार बंदी सफल बनाने में अहम् भूमिका निभाई। यूनियन अध्यक्ष मुन्ना लाल चंदेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में तिलकराज भोला, रवि सिंह, धीरज वर्मा उर्फ धीरू भाई सर्राफ, रमेश चन्द्र गुप्ता, सुधीर रस्तोगी, रामजी खन्ना आदि मौजूद रहे।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े सर्राफों ने भी जिलाध्यक्ष सतीश सर्राफ के नेतृत्व में आतिशबाजी करके सरकार के निर्णय को सराहा।
टैक्स वापसी संगठन की जीत: विनोद
सर्राफा एसोसिएशन सदर बाजार के महामंत्री विनोद सर्राफ ने वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के टैक्स वापसी के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे संगठन की जीत बताया है। कहा: इसके लिए केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद और सांसद मिथिलेश कुमार का सहयोग सराहनीय रहा।
यह एकता की जीत है: पंकज
व्यापारी सुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सर्राफ का कहना है कि सर्राफा व्यवसायियों की मेहनत रंग लाई है। यह एकता की जीत है। इसके लिए जितने वित्त मंत्री बधाई के पात्र हैं, उसने ही सर्राफा व्यवसाई भी हैं। उन्होंने जिस धैर्य से सहयोग किया यह जीत उसी का परिणाम है।
बधाई के पात्र हैं वित्तमंत्री: जवाहर
सर्राफा व्यापार मंडल चौक के अध्यक्ष जवाहर रस्तोगी ने वित्तमंत्री और सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि यह निर्णय सभी के हित में है। इसके लिए सर्राफा व्यापार सरकार का आभारी है। टैक्स वापसी का समाचार सुनकर सभी खुशी से गदगद हैं।