डीजीएम दफ्तर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फेंकी कुर्सियां
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और ऊपर से बिजली कटौती। ऐसे में गुस्सा आना लाजमी है। इसी को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भड़क उठे। उन्होंने जुलूस निकालने के बाद मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। बाद में डीजीएम कार्यालय में जमकर हंगामा काटा और धरना भी दिया।
बुधवार को दोपहर बारह बजे भाजयुमो कार्यकर्ता जेल रोड पर एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ता जुलूस निकालते हुए डीजीएम (विद्युत) कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यालय में सभी कर्मचारी और अफसर मौजूद नहीं थे। इससे कार्यकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया तथा उन्होंने कुर्सियां फेंकने के बाद प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी यहां धरने पर बैठ गए। प्रदेश सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। एक घंटे धरना प्रदर्शन करने के बाद भाजयुमो कार्यकर्ता डीजीएम कार्यालय से वापस चले गए। प्रदर्शन और पुतला दहन करने वालों भाजयुमो विभाग संयोजक अंशुल चौहान, नगराध्यक्ष आशीष वर्मा, नगर महामंत्री आलोक शुक्ला, नगर मंत्री विपिन कश्यप, प्रदीप सक्सेना, मुनेंद्र शुक्ला, आमिर खान, अंकित कश्यप आदि शामिल रहे।
व्यापारियों ने बहादुरगंज उपकेंद्र के एक्सईएन को घेरा
शाहजहांपुर। अघोषित बिजली कटौती का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब आधी रात के बाद घंटों बत्ती गुल रहने से शहरी बाशिंदों की नींद हराम होने लगी है। मनमानी पॉवर रोस्टरिंग से भन्नाए व्यापार मंडल मिश्रा गुट के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के नेतृत्व में बहादुरगंज पॉवर स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां मौजूद मिले अधिशासी अभियंता (शहर) आरएन सिंह का घेराव कर लिया और उन पर सवालों की झड़ी लगाते हुए बिजली सप्लाई पटरी पर लाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में नगर महामंत्री धर्मपाल रैना, विनय मेहरोत्रा, विजय तुली, सुरेंद्र सेठी आदि शामिल रहे।