- बिजली कटौती के विरोध में आंदोलन करने का निर्णय
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। व्यापारी सुरक्षा फोरम की एक बैठक बुधवार को अंटा क्षेत्र में सईद खां केप्रतिष्ठान पर जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सर्राफ की अध्यक्षता में हुई। इसमें संगठन की जिला और नगर इकाई में फेरबदल करके नए पदाधिकारी नियुक्त किए गए। इसी मौके पर अघोषित बिजली कटौती के विरोध में चरणबद्घ आंदोलन करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
फेरबदल के क्रम में श्री सर्राफ ने नगर महामंत्री अजय मोहन शुक्ला को पदोन्नति देकर जिला महामंत्री के रिक्त पद पर बिठाने का प्रस्ताव रखा जो ध्वनिमत से पारित हो गया। श्री शुक्ला के छोड़े गए स्थान पर जगदीश गुप्ता बिठाए गए जो अभी तक नगर इकाई में संयुक्त मंत्री की जिम्मेदारी संभाले थे। इसी क्रममें फरीद मियां को नगर उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। यही नहीं, आम सहमति से युवा प्रकोष्ठ की जिला और नगर इकाइयां तत्काल प्रभाव से भंग करके उनका पुनर्गठन जल्द करने का निर्णय किया गया।
बाद में सभी मनोनीत पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसी बैठक में बिजली कटौती का दायरा लगातार बढ़ने और इमर्जेंसी पॉवर रोस्टिंग किए जाने के विरोध में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्घ आंदोलन करने का निर्णय किया गया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय वर्मा, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष शारदा थापा, शकील अहमद, जितेंद्र शुक्ला, कपिल सिंह, ओमबाबू सर्राफ, विशन गोयल, सुरेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।