- कार्रवाई की चेतावनी दी, ऋण वितरण की रिपोर्ट तलब
- दो दिन में नहरों की सिल्ट सफाई शुरू करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने विकास कार्यों में ढिलाई बरतने वाले अफसरों को आड़े हाथों लिया है। रविवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही की चेतावनी दी। साथ ही शारदा नहर खंड के एक्सईएन को दो दिन में नहरों की सिल्ट सफाई का काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने भूमि एवं जल संरक्षण से संबंधित विभागों को कराए गए कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के साथ आगामी कार्य योजना एक सप्ताह में स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। कामधेनु योजना के तहत ऋण वितरण में 30 आवेदनों में 18 आवेदन स्वीकृत होने के साथ चार लाभार्थियों को ऋण देने का निर्णय किया गया। बावजूद इसके अभी तक केवल दो लाभार्थी ऋण प्राप्त कर सके।
मनरेगा के कामों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सीडीओ डॉ. राम मनोहर मिश्रा से कहा कि जिन गांवों में काम पिछड़ गए हैं, उनसे संबंधित बीडीओ से स्पष्टीकरण लेने के साथ उनकी पत्रावली बनाएं। साथ ही मनरेगा उपायुक्त को ऐसे सभी गांवों में निर्माण और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने नलकूप खंड के एक्सईएन को कलान क्षेत्र के सभी सरकारी नलकूप चेक करके उनकी वर्तमान स्थिति से अवगत कराने और बंद पड़े ट्यूबवेल जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम पीके श्रीवास्तव व एमएन उपाध्याय, डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।