- घरवालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार किया
- दिल्ली से लौटते समय संतोष को नशा देकर लूट लिए थे पांच हजार रुपये और मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद। दिवाली मनाने के लिए घर लौट रहे युवक से जहरखुरानों ने रोडवेज बस में एक युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। बेहोशी की हालत में युवक को अल्हागंज पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिवार वालों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने परिवार का इकलौता चिराग था।
थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में रहने वाले किशोर चंद्र का इकलौता बेटा 22 वर्षीय पुत्र संतोष दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार को संतोष घर आने के लिए दिल्ली से रोडवेज बस में सवार हुआ। रास्ते में जहरखुरानों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर संतोष से पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। बुधवार की सुुबह हालत बिगड़ने पर उसने अल्लागंज क्षेत्र के गांव रमापुर निवासी अपने रिश्तेदार रामपाल को फोन करके हुल्लापुर चौराहे पर मिलने के लिए बुलाया।रामपाल के वहां पहुंचने पर संतोष उन्हें चौराहे पर बेहोशी की हालत में मिला। रामपाल ने संतोष को अल्लागंज स्थित निजी डॉक्टर के यहां ले जाने के साथ ही उसके घरवालों को भी सूचना दी। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने संतोष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय संतोष ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिवार वाले शव का बगैर पोस्टमार्टम कराए ही उसे अपने साथ ले गए।