सड़क सुरक्षा से संबंधित हुई गोष्ठी
- कारणों को जानकर दुर्घटनाएं रोकने का होगा प्रयास
- एडीएम एफआर ने दिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा संबंधित गोष्ठी कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को हुई। गोष्ठी में एडीएम एफआर पीके श्रीवास्तव ने एआरटीओ को निर्देशित करते हुए कहा जिले में ऐसे स्थानों का चिन्हांकन करें, जहां अधिक दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे इसके कारणों को जानकार दुर्घटनाएं होने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एआरटीओ प्रर्वतन शिखर ओझा ने कहा कि सड़क सुरक्षा को देखते हुए जिले में 20 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए जा चुके हैं। स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। बताया कि सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को तीन स्कूली वैनों को सीज करने के साथ ही सात वाहनों का चालान किया गया। ओझा ने कहाकि चेकिंग में अनाधिकृत रूप से चलाए जाने वाले वाहनों के पकड़े जाने पर स्कूलों पर भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
गोष्ठी में एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह, आरआई आरपी गंगवार, एसीएमओ डॉ. हिमांशु शेखर, टीआई, पीडब्ल्यूडी जेई आदि मौजूद रहे।