खुदागंज (शाहजहांपुर)। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने कहा कि देश की खातिर शहीद हुए वीर सपूतों के लिए चाहे जितना किया जाए, उनकी शहादत से मुल्क की आने वाली पीढ़ियां कर्जदार रहेंगी। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों की जन्म भूमि को सरकार ने रोशन करने का बीड़ा उठाया है और इसीलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ शहीद रोशन सिंह के पैत्रक गांव नवादा दरोबस्त को डिग्री कॉलेज समेत कई सौगातें दे चुके हैं।
वह मंगलवार को नवादा दरोबस्त में प्रशासन की ओर से लगाए गए पेंशन मेगा शिविर में उमड़े ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में शामिल लोग जाति और धर्म की संकीर्णताओं से ऊपर उठकर अंग्रेजों से आजादी पाने के लिए मतवाले थे। नवादा की पावन धरती और यहां के निवासी धन्य हैं, जिन्होंने देश को रोशन सिंह जैसा सपूत दिया। स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि गुजरात में नर्मदा तट पर पटेल प्रतिमा की तरह नवादा में शहीद रोशन सिंह के लिए डिग्री कॉलेज का ऐसा प्रतिमान गढ़ा जा रहा है, जहां की डिग्रियां देश-विदेश तक शहीद का नाम रोशन करेंगी।
विधायक वीर विक्रम सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में शहीद की जन्म स्थली के लिए खुद को सौभाग्यशाली बताया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह ने रोशन सिंह के जन्म दिवस पर क्षेत्र के हर व्यक्ति से अपने घर अथवा खेत पर कम से कम एक फलदार वृक्ष का पौधा लगाने का आग्रह किया। डीएम अमृत त्रिपाठी ने कहा कि भारत सरकार की सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत शहीद के गांव का चयन कर उसे सरकारी अनुदान एवं जन सहयोग से मॉडल गांव के रूप में विकसित किया गया है। इसलिए जिले के अन्य ग्राम प्रधान गांव नवादा दरोबस्त की बदली तस्वीर से प्रेरणा लेकर इसी प्रकार अपने गांव विकसित करें।
डीएम ने स्कूल जाकर परखा बच्चों का ज्ञान
खुदागंज (शाहजहांपुर)। डीएम अमृत त्रिपाठी ने पेंशन मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटरों पर जाकर उनकी प्रगति जांची और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनसे विभिन्न योजनाओं के बारे मेें फीडबैक लिया। बाद में स्कूल जाकर बच्चों का शैक्षिक ज्ञान परखा। इस दौरान कक्षा चार के एक बच्चे द्वारा सप्ताह के दिन सही नहीं बताने पर संबंधित शिक्षक को आड़े हाथों ले लिया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को माह और सप्ताह के दिन हिंदी और अंग्रेजी दोनों में आने चाहिए। शिविर में एसडीएम मोईन उल इस्लाम, सीएमओ डॉ. आरपी रावत, जिला विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, ग्राम प्रधान सरिता सिंह, शहीद के प्रपौत्र जितेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी सुधीर कुमार ने किया।