घरों में घुसा गंदा पानी, गुस्साए लोगों ने जाम की सड़क
सिटी मजिस्ट्रेट-सीओ सिटी के आश्वासन पर हुए शांत
जेसीबी मंगवाकर चोक नाला साफ कराया, मिली राहत
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। मोहल्ला अजीजगंज स्थित घरों में पानी भरने से गुस्साएं लोगों ने बृहस्पतिवार को प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस की जाम खुलवाने को लेकर प्रदर्शनकारियों से तीखी नोकझोंक हो गई। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने तत्काल ही जेसीबी मंगवाकर वहां नाले की सफाई करवाई तब जाकर पानी की निकासी हो सकी। वहीं जाम के चलते यातायात बाधित रहा।
कई दिनों से हो रही बारिश के चलते मोहल्ला अजीजगंज में जलभराव हो गया। गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। नगर निगम को सूचना के बाद भी कोई कार्रवाई नही हुई। इससे आजिज आए मोहल्ले के बाशिंदों ने अजीजगंज में सड़क पर जाम लगा दिया। सैकड़ों की तादात में महिलाओं एवं पुरुषों ने रोड पर खड़े होकर नारेबाजी की। सूचना पर इंस्पेक्टर कोतवाली राजकुमार तिवारी व चौकी इंचार्ज अजीजगंज प्रदीप सहरावत मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को जाम खोलने के लिए कहा पर वे समस्या के निराकरण न होने तक अपनी मांग पर अड़े रहे। इसे लेकर पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक भी हो गई। इंस्पेक्टर ने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। कुछ ही देर में सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार व सीओ सिटी सुमित शुक्ला मौके पर पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट ने मोहल्ले में जाकर जल भराव की स्थिति देखी और लोगों को पानी निकालने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने तत्काल ही जेसीबी मंगवाकर नाले की सफाई कराई।
अजीजगंज में जल भराव के चलते मोहल्ले वासियों ने जाम लगा दिया था वहां जेसीबी से नाले की सफाई कराई गई है। भविष्य में ऐसी समस्या न हो इसके निराकरण के लिए प्रयास किया जा रहा है। - अतुल कुमार सिटी मजिस्ट्रेट शाहजहांपुर