फोटो-17, रोजा मंडी के सामने मैदान का निरीक्षण करते भाजपा के प्रांतीय नेता।
पीएम की रैली में आज जुटेंगे दिग्गज
प्रदेश और केंद्रीय मंत्रियों समेत प्रांतीय पदाधिकारियों की एसएस कॉलेज में होगी बैठक
आमंत्रित पदाधिकारियों को ही बैठक में किया जाएगा शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा हाईकमान ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि अभी पीएमओ से कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी पीएम का दौरा सुनिश्चित मानकर तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश और क्षेत्रीय वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण योजना बैठक एसएस कॉलेज में होने जा रही है। बैठक का समय पूर्वांह्न 11 बजे निर्धारित किया गया है। इसके लिए उच्च पदाधिकारियों का आना शुरू भी हो गया है और उन्होंने मंगलवार को प्रधानमंत्री की रैली के लिए स्थलों का निरीक्षण भी किया, लेकिन आयोजन स्थल पर बुधवार को मोहर लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला महामंत्री डीपीएस राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित किसान रैली के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुधवार को एसएस कॉलेज सभागार में आहूत की गई है। इस बैठक में केवल आमंत्रित पदाधिकारियों को ही शामिल किया जाएगा। बैठक में कोई अव्यवस्था न फैले, इसलिए किसी भी गैर आमंत्रित पदाधिकारी अथवा कार्यकर्ता को दूर रखा गया है। उन्होंने बताया कि लखनऊ से प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल के देर रात तक आने की संभावना है। इनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर और पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनी कांत माहेश्वरी, बृज और कानपुर क्षेत्र के संगठन मंत्री भवानी सिंह आदि वरिष्ठ नेता आ चुके हैं और वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ गुफ्तगू कर रहे हैं।
बैठक में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णा राज, प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के अलावा किसान रैली में सहभागिता करने वाले सभी छह जनपदों के पार्टी जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना मंगलवार को देर रात तक तथा केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णा राज सुबह तक पहुंच जाएंगी। डीएम-एसपी के नेतृत्व में रात-दिन रैली की सफलता के लिए बैठकों का दौर चल रहा है।
तीन मैदानों पर चल रहा मंथन
प्रधानमंत्री की किसान रैली के लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी रोजा मंडी के सामने स्थित मैदान, बरेली मोड़ स्थित मैदान और ओसीएफ मैदान को चिन्हित किए हुए हैं। इन्हीं में से एक मैदान फाइनल होना है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की नजर में पीएम की रैली के लिए मैदान पर बुधवार को मुहर लगने की संभावना है।