अघोषित कटौती से गुस्साएं व्यापारियों ने उपकेंद्र पर किया हंगामा
एसडीओ ने मोबाइल पर बात कर दिया सुधार का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
मीरानपुर कटरा। बिजली की लगातार हो रही अघोषित कटौती से गुस्साए व्यापारियों ने सोमवार को उपकेंद्र का घेराव कर जमकर हंगामा किया और विभागीय कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि यदि कटौती बंद न हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
नगर में पिछले काफी दिनों से बिजली की अंधाधुंध कटौती की जा रही है। लोगों को चौबीस घंटे में आठ घंटे भी सप्लाई नहीं मिल पा रही है। सोमवार शाम करीब सात बजे लगभग तीस व्यापारी उपकेंद्र पर पहुंचे और मौजूद कर्मचारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि अब किसी कीमत पर कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यापारी नेताओं ने विभागीय एसडीओ से मोबाइल पर बात की और दो टूक कहा कि सुधार न होने पर उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस पर एसडीओ ने जल्द व्यवस्था सुधरवाने का आश्वासन दिया। करीब आठ बजे व्यापारी वापस चले गए। इस मौके पर व्यापारी नेता रमेश चंद्र गुप्ता, अर्पित अग्रवाल, गुंजन गंगवार, नीरज गुप्ता, अरुण पंडित, गौरव,मोहित, अनुराग समेत तमाम व्यापारी शामिल रहे।