परिवहन निगम के बस स्टॉप से प्रतिमाह लाखों रुपये की आमदनी करने के बावजूद यहां का बस स्टॉप अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। मामूली बरसात मेें बस स्टॉप परिसर ने तालाब का रूप धारण कर लिया है। जल भराव के कारण यात्री बस स्टॉप परिसर के बाहर बस से उतरने और बैठने को मजबूर हैं। विडंबना है कि संबंधित अधिकारी इस ओर कुछ भी ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे समस्या नासूर बनती जा रही है।
परिवहन निगम ने यात्रियों को लाने ले जाने के लिए बरसों पहले नगर के मध्य स्थित मौजमपुर में बस स्टॉप की स्थापना की थी यहां पर हरदोई परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी डिपो की बसों का स्टॉपेज सुनिश्चित कर दिया गया बस के चालक परिचालकों को निर्देशित किया गया कि वह नगर के अंदर बस स्टॉप पर बसों को ले जाए लेकिन मात्र शाहजहांपुर डिपो की बरेली तक जाने वाली शटल सेवा की बसें ही अंदर बस स्टॉप पर आती जाती हैं अन्य डिपो की बसों के चालक-परिचालक आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। वहीं बस स्टॉप में यात्री सुविधाएं पूरी तरह शून्य हैं। विशालकाय ग्राउंड का आधा भाग कूड़ा करकट और मलवे से अटा पड़ा हुआ है शेष आधे भाग में बसों का आवागमन रहता है। लेकिन इस आधे ग्राउंड पर भी बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद हैं जो दो दिन पहले हुई मामूली बारिश के कारण तालाब का रूप धारण कर चुका है। इस बस स्टॉप पर शौचालय की सुविधा नहीं है। हालांकि यहां शौचालय स्वीकृत है जिसका ठेका भी दिया जा चुका है लेकिन शौचालय का निर्माण नहीं हो सका है। टीन शेड के नीचे पंखे भी नहीं लगे हैं जिससे गर्मी में यात्रियों को बैठना मुश्किल हो जाता है। लेकिन अधिकारियों पर इस ओर ध्यान देने का समय नहीं है।