शाहजहांपुर। श्री साईं कल्याण सेवा समिति की ओर से रविवार को चौक स्थित सीता की मठिया से श्री साईं बाबा की पांचवीं महा पालकी शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। इसके साथ ही चौक स्थित बड़ी संगत परिसर में तीन दिवसीय श्रीसाईं उत्सव आरंभ हो गया।
महा पालकी शोभायात्रा के लिए समिति के कार्यकर्ता गत कई दिन से तैयारियों में जुटे थे। बीते दिन कटिया टोला के साईं मंदिर परिसर में हुई बैठक में तीन दिवसीय कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के साथ जनसंपर्क के लिए कार्यकर्ताओं ने शहर में बाइक रैली निकाली थी। इस कारण रविवार को सुबह महापालकी शोभायात्रा आरंभ होने से पहले तमाम साईं भक्त बड़ी संगत पर पहुंच गए।
कार्यक्रम के संयोजक मुन्ना पांडेय के नेतृत्व में फूलों से सजी पालकी में विराजे श्री साईं बाबा को लेकर श्रद्धालु जयकारा लगाते हुए चल पड़े। भजनों के माध्यम से कार्यकर्ता साईं बाबा का गुणगान करते हुए जिस मार्ग से गुजरे, जन सामान्य के लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की और साईं बाबा का आशीर्वाद लेकर प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा में शामिल धार्मिक और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाली झांकियाें ने सभी को आकृष्ट किया।
शोभायात्रा घंटाघर और सदर बाजार होकर कटिया टोला के श्री साईं मंदिर पहुंची। वहां साईं बाबा का विधि विधान से पूजन कर उन्हें खिचड़ी भोग अप्रित किया गया। व्यवस्था में जीवन जिंदल, पुरुषोत्तम गुप्ता, आरबी सिंह, अमर गुप्ता, राजीव खन्ना, राजकुमार सक्सेना, गोपाल कृष्ण वर्मा, अरुण रस्तोगी, दिनेश गुप्ता आदि का सहयोग रहा।