खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार क्षेत्र में 24 घंटे से बिजली गायब है। रक्षाबंधन पर बिजली गुल रहने से लोगों में रोष है। उधर, उपभोक्ताओं का आरोप है कि जेई और एसडीओ सीयूजी फोन ही रिसीव नहीं कर रहे हैं। व्यापार मंडल सहित कई संस्थाओं ने बिजली अधिकारियों के रवैए पर चिंता जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
खुटार क्षेत्र में सोमवार को दिन में बिजली आई थी। इसके बाद बिजली जाने के बाद पूरी रात बिजली के दर्शन नहीं हुए। मंगलवार को भी बिजली नहीं आई। मंगलवार दोपहर कुछ लोग बिजली उप केंद्र पहुंचे और जेई से बात की तो जेई सचिन कुमार ने बताया कि ज्यादा बारिश के कारण बड़ागांव बिजली उप केंद्र से सप्लाई बंद है, जिस कारण समस्या हो रही है।
व्यापार मंडल के तराई क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, गुरूसेवक सिंह, भाकियू के रामसरन लाल, बृजेश कुमार और रंजीत सिंह सहित तमाम लोगों ने कहा कि वर्तमान जेई के आने के बाद से क्षेत्र की बिजली सप्लाई खराब हो गई है। उपभोक्ता की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली सप्लाई में सुधार के लिए जल्द ही आंदोलन किया जाएगा।