शाहजहांपुर। तिलहर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 97 जोड़ों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम में 83 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सात फेरे लिए, वहीं 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज से कराया गया।
निगोही के आदर्श नगर इंटर कॉलेज रामलीला मैदान में हुए कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तिलहर विधायक सलोना कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल एक विवाह कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आर्थिक सहयोग और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत पहल है।
पहले इस योजना में 50 हजार की सहायता मिलती थी। वर्तमान में इसे बढ़कार एक लाख रुपये कर दिया गया है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सभी जोड़ों को सरकार द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
तिलहर विधायक सलोना कुशवाह, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, एमएलसी सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा, अध्यक्ष क्षेत्र पंचायत भानुप्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
बिना मुहूर्त विवाह समारोह करने पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल
पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने जुलाई में विवाह समारोह आयोजित करने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सहालग नहीं चल रहीं हैं। मुहूर्त न होने के बावजूद विवाह समारोह आयोजित करा दिया गया है। पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से भी बातचीत की है। इस समय मुस्लिम समाज में भी शादियां नहीं होतीं। इसके बावजूद प्रशासन ने कार्यक्रम आयोजित करा दिया। गरीब जोड़ों की शादी का मजाक बनाया गया है।