मालगाड़ी के इंजन का प्रेशर टैंक फटा, बोगी हुई डिरेल
हादसे में 220 मीटर रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त, संचालन प्रभावित
गेहूं लेकर फैजाबाद जा रही थी मालगाड़ी, कटरा में हादसा
फोटो-34,35
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/ मीरानपुर कटरा। मीरानपुर कटरा और तिलहर के बीच रविवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। लगभग 220 मीटर रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद डाउन लाइन पर करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। हादसे की सूचना पर मुरादाबाद रेल मंडल के एडीआरएम शरद श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। जांच को ज्वाइंट कमेटी बनाई गई है।
बरेली की ओर से फैजाबाद गेहूं लेकर जा रही डाउन मालगाड़ी के इंजन का प्रेशर टैंक रविवार दोपहर करीब 12 बजे कटरा स्टेशन पार करते समय किसी तरह से खुलकर नीचे लटक गया। कटरा स्टेशन से ट्रेन गुजरने के दौरान स्टेशन मास्टर की नजर पड़ी। उन्होंने बॉकी-टॉकी से पायलट रमाकांत को सूचना दी। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन को रोका। ट्रेन करीब 400 मीटर आगे जाकर रुकी। ट्रेन ने गेट नंबर 343 पार कर दिया था। इससे करीब 220 मीटर रेल पटरी पर भी क्षतिग्रस्त हो गई। इंजन से सातवां कोच भी पटरी से उतर गया। कटरा-तिलहर के बीच मेन डाउन लाइन पर मालगाड़ी के डिरेल होने की सूचना पर रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर रोजा से एरिया मैनेजर प्रतीक श्रीवास्तव के नेतृत्व में दुर्घटना राहत ट्रेन को मौके के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना राहत ट्रेन ने मौके पर पहुंच कर काम चालू किया। दोपहर करीब 1:55 बजे इंजन को मालगाड़ी से अलग कर तिलहर भेजा गया। बाद में ट्रेक मरम्मत का काम किया गया। करीब 3:30 बजे लाइन क्लियर हो सकी।
इस दौरान हादसे की सूचना पर एडीआरएम शरद श्रीवास्तव अपनी टीम और स्टेशन अधीक्षक शाहजहांपुर ओमशिव अवस्थी के साथ दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना से रेलवे को काफी क्षति हुई है। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।