कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
टीईटी संघर्ष मोर्चा ने उठाई एफआईआर वापस लेने की मांग
फोटो- 05 में
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
अचयनित बीएड टीईटी 2011 संघर्ष मोर्चा ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
अध्यक्ष राम निवास शर्मा के नेतृत्व में मोर्चा से जुड़े टीईटी धारकों ने 29 मई को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन के दौरान किए गए लाठी चार्ज की निंदा करते हुए उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लिए जाने की मांग उठाई। राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सुप्रीमकोर्ट के आदेश के बावजूद प्रदेश सरकार उनके प्रति गंभीर नहीं है। न्यायोचित मांगों को लेकर मोर्चा लखनऊ में लगातार क्रमिश अनशन और भूख हड़ताल कर रहा है। इसी क्रम में जब टीईटी धारक शांतिपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे, तभी विधानसभा के रास्ते उन पर लाठी चार्ज कर दिया गया और प्रशिक्षितों के खिलाफ एफआईआर लिखवा दी गई। लाठी चार्ज में कई लोगों को गंभीर चोटें भी आईं।
जिलाध्यक्ष ने दर्ज एफआईआर निरस्त करते हुए मांगों को पूरा किए जाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में ज्ञानेंद्र अवस्थी, पवन शुक्ला, राकेश पाल, संजीव श्रीवास्तव, जीनत, जोहा, भानु प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।