शाहजहांपुर। काकोरी कांड के महानायक अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें सांस्कृतिक श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को संगीत-संवाद का महासमर शुरू हो गया। अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव (शाहजहांपुर रंग महोत्सव) का गांधी भवन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज ने मां सरस्वती और तीनों अमर शहीदों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने नारियल फोड़कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ दिया। मुख्य अतिथि ने रंग महोत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया।
दोपहर बाद शुरू हुए चार दिवसीय महोत्सव का श्रीगणेश आकांक्षा हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं ने धमाकेदार श्री गणेश वंदना से किया। इसी क्रम में सत्रिय कला केंद्र की छात्राओं ने मनमोहक अंदाज में मां सरस्वती की वंदना पर भावपूर्ण नृत्य किया और शहर की गायक कलाकार श्रेया सिंह ने ईश वंदना प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। नाट्य प्रतियोगिता के लिए निर्णायक की भूमिका कोलकाता से नीमू भौमिक, कटनी राजस्थान से द्वारिका दहिया और एनएसडी पासआउट गुलिस्ता तथा नृत्य प्रतियोगिता के लिए निर्णायक की भूमिका आसाम के वसंत शैकिया तथा सहारनपुर की शिखा शर्मा निभा रही हैं। इंदु अजनबी के संचालन में हुए कार्यक्रम में आयोजन सचिव शमीम आजाद ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश मिश्र, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, जरीफ मलिक आनंद, बाबूराम गुप्ता, पंकेश मिश्रा, दिनेश मेहता, दिनेश रस्तोगी, विनीत सिंह, नितेश गुप्ता, पवन सिंह, आलोक सक्सेना, सौरभ अग्निहोत्री समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।