शाहजहांपुर। स्वदेशी जागरण मंच और आर्य महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई (एनएसएस) की ओर से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग और चाइनीज वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली से पूर्व आर्य महिला महाविद्यालय में मुख्य अतिथि सुमन पाठक ने कहा कि चीन और पाकिस्तान भारत सीमा पर निरंतर देश विरोधी गतिविधियां चला रहे हैं। ऐसे में चाइनीज वस्तुओं का उपयोग कर हम दुश्मन देश को मजबूत बना रहे हैं। इसलिए देशवासियों को चाइनीज के बजाय पूर्ण स्वदेशी वस्तुओं का जीवन में उपयोग करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं और उपस्थित जनों को शपथ दिलाई कि वह दीपावली पर बिजली की चाइनीज झालरें, आतिशबाजी, दीये, मोमबत्तियां आदि उपयोग में नहीं लाएंगे। मंच के प्रांतीय सह संयोजक अमितेश अमित ने बताया कि चाइनीज उत्पादों के विरोध में 29 अक्तूबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग एक लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस अवसर पर डॉ. रुचि द्विवेदी, डॉ. आलोक दीक्षित, भाजपा जिला महामंत्री नवनीत पाठक आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इसके बाद मुख्य अतिथि ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। स्वदेशी जागरण अभियान के स्लोगन लिखी तख्तियां लिए छात्राएं सदर बाजार, बहादुरगंज, निशात टाकीज, टाउनहाल होते हुए महाविद्यालय पहुंचीं। रैली में डॉ. संतोष सक्सेना, डॉ. संजीता अग्रवाल, डॉ. दुर्गावती सिंह, डॉ. मृदुल शुक्ला, डॉ. अरुण कांत पांडेय आदि का योगदान रहा।