अल्हागंज (शाहजहांपुर)। जिले में संक्रामक बीमारियां थम नहीं रही हैं। जानलेवा बुखार से अब तक करीब तीन दर्जन लोग काल के गाल में समा चुके हैं। इन मौतों के बाद अब डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। बुखार से परेशान यहां एक समाचार पत्र अभिकर्ता को डेंगू की पुष्टि हुई है। उसे फर्रुखाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बा अल्हागंज निवासी अमित शुक्ला समाचार पत्र के अभिकर्ता हैं। उनको कई दिन से बुखार आ रहा था। पहले तो अमित का स्थानीय डॉक्टर से इलाज चलता रहा। फायदा न होने पर परिवार वालों ने फर्रुखाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने अमित को डेंगू होने की पुष्टि की। अमित के भाई विनीत शुक्ला के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कस्बे में कई अन्रू लोग भी बुखार की चपेट में बताए जा रहे हैं। बता दें कि अब तक जिले में बुखार से चार दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा करीब दो दर्जन जानें मनोरथपुर गांव में जा चुकी हैं। ऐसे में बुखार, डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर लोगों में खौफ है।