फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जननी सुरक्षा के 800 भुगतान लंबित, जांच के निर्देश

Sun, 11 Sep 2016 12:38 AM IST
ब्यूरो/शाहजहांपुर
विज्ञापन
जननी सुरक्षा के 800 भुगतान लंबित, जांच के निर्देश 
विज्ञापन
शनिवार सुबह डीएम राम गणेश अचानक जिला अस्पताल में निरीक्षण को पहुंचे और जननी सुरक्षा योजना के पटल को देख रहे लिपिक से योजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। पाया कि योजना के लाभार्थियों के बीते मार्च माह से अब तक करीब 800 फार्म भुगतान हेतु लंबित पड़े हैं। पूछताछ की तो जवाब मिला कि संबंधित लाभार्थी के खाता संख्या नहीं है इसलिये भुगतान नहीं हो पाया। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केशव स्वामी को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों से फोन पर संपर्क कर शीघ्र उनका भुगतान करवाये। इस प्रकरण के जांच के निर्देश दिए। 
विज्ञापन

डीएम ने कहा कि इस योजना में लाभार्थियों को देय भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। भुगतान न पाने वाले लाभार्थियों की ब्लाकवार सूची बना ली जाये और संबंधित ब्लाकों के माध्यम से उन्हें जानकारी देते हुए खाता खुलवाकर उनके खाता नंबर यहां मंगवाये। अस्पताल परिसर में डीएम ने पार्किंग व्यवस्था अव्यवस्थित देखकर उसे सही करने के निर्देश दिये। दवाई लेने आये मरीजों की अधिक संख्या देखकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दीवारों पर पखें लगवाने के निर्देश दिये। कहा कि मरीजों को दवाइयां अस्पताल से दी जाये, बाहर की दवायें न लिखें। उन्होने अस्पताल में भर्ती मरीजों की बेड शीट नियमित रूप से बदलने के निर्देश दिये। 
102 एंबुलेंस में जीवन रक्षक उपकरणों, दवाओं और आक्सीजन सिलेंडर आदि को भी डीएम ने चेक किया। ओपीडी में पर्ची बनाने में लगी भीड़ पर उन्होंने चौकी इंचार्ज को निर्देश दिये कि पर्ची बनवाने वाले मरीजों को लाईन से लगवायें। उन्होंने अल्ट्रासाउंड कक्ष, पैथालॉजी कक्ष, कुष्ठ रोग उपचार केंद्र, ड्रेसिंग कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, एक्सरे-कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिये कि सरकार द्वारा जितनी भी रोगियों को सुविधायें दी गयी हैं, उन सबका एक बोर्ड बाहर लगवाये और उसमें नि:शुल्क दी जा रही सेवाओं की जानकारी आम जनता के लिये लिखवाकर प्रदर्शित करवायें।
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री के बीमार पति से हालचाल लिया
जिला अस्पताल में वायरल बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित होकर भरती केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा राज के पति वीरेंद्र कुमार से शनिवार को निरीक्षण के दौरान डीएम राम गणेश मिले। उनसे उनकी तबीयत में हो रहे सुधार की जानकारी ली। शनिवार शाम को मंत्री के पति को जरूरी दवाएं देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गंभीर घायल छात्र को दी पांच हजार की मदद
बिहार से दिल्ली जा रहे बिहार के मोतीहारी जिला निवासी युवक संगम ठाकुर का बीते दिनों सद्भावना एक्सप्रेस से तिलहर के पास गिर जाने से दोनों पैर कट गए थे। क्षेत्रीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भरती कराया था। निरीक्षण के दौरान शनिवार को पहुंचे डीएम राम गणेश ने युवक का हालचाल पूछा। घायल युवक की पत्नी ने आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला दिया तो डीएम ने तत्काल रेडक्रास के मद से पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलवाई। 
बर्न यूनिट में एसी खराब, नया लगाने का निर्देश
ब्लड बैंक एवं पैथोलॉजी का निरीक्षण करते हुए शनिवार को डीएम ने कहा कि गरीबों को ब्लड जरूर दिया जाये। इसके बाद वह बर्न युनिट पहुंचे तो वहां एसी खराब मिला। उन्होंने तुरंत दो नये एसी रोगी कल्याण समिति से क्रय कर लगवाने के निर्देश दिया। महिला एवं पुरूष अस्पताल के खराब आरओ को भी तत्काल ठीक करवाने को कहा। 
वायरल - डेंगू पर चौकस रहने का निर्देश
वर्तमान में चल रहे वायरल बुखार के प्रकोप एवं डेंगू से बचाव और उनसे संबंधित सभी उपकरण व दवायें अनिवार्य रूप से जिला अस्पताल में रखने की शनिवार को डीएम ने हिदायत दी। कहा कि मरीजों को अच्छी सेवायें दे। खून की प्लेटलेट्स काउंटिंग वाली खराब पड़ी मशीन को भी सही कराने का निर्देश दिया ताकि मरीजो के सही खून की प्लेटलेट्स की जानकारी हो सके।
प्रसूता और गर्भवती का खाता खुलवाएं
डीएम राम गणेश ने शनिवार को जिले के उन सभी परिवारवालों से अनुरोध किया कि जिनके यहां की महिलाओं के संस्थागत प्रसव हो चुके हैं या प्रसव होने वाले हैं, वे लोग ऐसी सभी महिलाओं के निकटम बैंक शाखा में खाता अवश्य खुलवा लें। इससे जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत दी जाने वाली धनराशि उनके खातों में सीधे पहुंचेगी। सभी सीएचसी, पीएचसी के डॉक्टर एवं चिकित्सा विभाग के कर्मचारी, एएनएम, आशा बहुओं ने ऐसी महिलाओं के खाता अनिवार्य रूप से खुलवाने को निर्देश देते हुए कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें