शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन पर अधूरी तैयारियों और अव्यवस्थाओं के बीच शनिवार को केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय का लोकार्पण और प्लेटफार्म नंबर एक पर स्वचालित सीढ़ियों का शिलान्यास करेंगी। डीआरएम एके सिंघल भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को भी स्टेशन पर तैयारियां चलती रहीं। जगह-जगह पड़ा मलबा तैयारियों की पोल खोल रहा है। प्लेटफार्म नंबर एक पर सौंदर्यीकरण के काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। माल गोदाम साइड पर भी अव्यवस्थाएं हैं। हालांकि, नए काम के नाम पर स्टेशन पर कुछ नहीं है। यात्री प्रतीक्षालय का रंग-रोगन कर इसे नया कलेवर दिया गया है।
रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर तीन, चार और पांच पर कवर्ड एरिया काफी कम है। गर्मी और बारिश के मौसम में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे ट्रेन पकड़नी होती है। मालगोदाम साइड में द्वितीय निकास द्वार तो बना दिया गया है। मई 2018 में कृष्णाराज इसका लोकार्पण भी कर चुकी हैं। लेकिन यहां टिकट विंडों की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ट्रेनों का ठहराव भी मालगोदाम साइड प्लेटफार्म पर नहीं होता है। सौंदर्यीकरण के नाम पर मोटा बजट ठिकाने लगाया गया है। प्लेटफार्म नंबर एक की टाइल्स को तोड़कर नई टाइल्स लगाई गई हैं। नरमू और उरमू इसका विरोध भी कर चुके हैं। उरमू ने यहां धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए काम भी रुकवा दिया था। इस बीच शनिवार को स्वचालित सीढ़ियों के शिलान्यास और यात्री प्रतीक्षालय के लोकार्पण के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री के सामने भी कई मामले उठने की बात कही जा रही है। प्लेटफार्म नंबर एक से लेकर पांच तक अव्यवस्थाएं हावी हैं। लंबे समय से यात्री सुविधाओं के विकास की मांग भी जा रही है। यह मांग भी अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
स्वचलित सीढ़ियों के लिए स्थान तय नहीं
शाहजहांपुर। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कृष्णाराज भले शुक्रवार को स्वचालित सीढ़ियों का शिलान्यास करेंगी, लेकिन अब तक इनके लिए स्थान तय नहीं है। अगर फुटओवर ब्रिज के पास स्वचलित सीढ़ियां लगाई जाती हैं तब भी रेलवे का नुकसान होगा। दरअसल, मई 2018 में ही फुटओवर ब्रिज पर लाखों रुपया खर्च कर नई टाइल्स लगाई गई थीं। अगर सीढ़ियां यहां बनाई जाती हैं जो यह धन बेकार जाएगा। ऐसे में रेल अधिकारी भी असमंजस में हैं।
डाउन लाइन पर प्वाइंट फेल, दो घंटे रहा ब्लॉक
शाहजहांपुर। डाउन लाइन पर दो स्थानों पर प्वाइंट में तकनीकी खराबी आने से शुक्रवार को दो घंटे तक ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित रही। ट्रेनों को बनथरा से शाहजहांपुर के बीच मेमो देकर पास किया गया। इस दौरान प्वाइंट मरम्मत का काम निपटाया गया। शाहजहांपुर यार्ड में लाइन नंबर एक पर ट्रेनों को ठहराव न देकर लाइन नंबर दो पर स्टॉपेज दिया गया। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बनथरा से शाहजहांपुर के बीच शुक्रवार को सुबह 11:15 से 1:15 बजे तक का ब्लॉक लिया गया। इससे त्रिवेणी एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस, जम्मूतवी गई ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित रही। दरअसल, लाइन और यार्ड पर दो स्थानों पर रेल ट्रैक प्वाइंट में तकनीकी खराबी आई थी। ब्लॉक के दौरान यार्ड में लाइन नंबर एक को भी तकनीकी खराबी की वजह से बंद रखा गया। प्लेटफार्म नंबर एक पर ठहराव लेने वाली ट्रेनों को शुक्रवार को प्लेटफार्म नंबर दो पर स्टॉपेज दिया गया। त्रिवेणी एक्सप्रेस को भी प्लेटफार्म नंबर दो पर ही रोका गया। ऐसे में यात्रियों को रेल ट्रैक और फुट ओवरब्रिज पार कर दूसरे प्लेटफार्म पर जाना पड़ा। काफी लोग लाइन नंबर एक की साइड से ही ट्रेन में सवार होते नजर आए।