डीएम ने पकड़ीं गन्ना भरी तीन ट्रॉली
भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। डीएम अमृत त्रिपाठी ने शनिवार को रोजा चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनको कई खामियां मिलीं। उन्होंने मिल प्रबंधन को चेताया और परिसर में सीसी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। यार्ड के बाहर खड़े गन्ना भरे वाहनों को चेक किया। इस दौरान बिना पर्ची गन्ने लेकर पहुंचीं तीन ट्रॉलियां पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दीं।
डीएम शनिवार को थाना आरसी मिशन में आयोजित थाना दिवस में शामिल होने पहुंचे थे। यहां शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने एसपी देहात सुभाष चंद्र शाक्य समेत अन्य अधिकारियों के साथ रोजा चीनी मिल का रुख किया। मिल यार्ड के बाहर गन्ना भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक आदि वाहन देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। पर्चियां चेक कीं तो तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना पर्ची के यार्ड में मिले। इन्हें पकड़ कर आरसी मिशन थाने के सुपुर्द कर दिया। मिल प्रबंधन को चेताया कि यार्ड के बाहर वाहन खड़े न हों। अगर जाम की वजह से दुर्घटना होती है तो मिल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम को निर्देश दिए कि पर्चियां सप्ताहवार जारी की जाएं।