गेहूं क्रय केंद्रों का हाल
गेहूं क्रय केंद्र खोले जाने में दूरी को किया अनदेखा
कुछ केंद्र तो पांच किसी की हद में तो कुछ बनाए काफी दूर
खुटार के दक्षिण के गांवों के किसान परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां।
गेहूं खरीद केंद्र बनाने में कुछ क्षेत्रों को वरीयता दी गई है जबकि कुछ गांवों में कई किमी दूर तक सेंटर ही नहीं बनाए गए हैं। इससे किसान परेशान हैं।
खुटार से पूरनपुर रोड पर गांव पुनौती, नवदिया नवाजपुर, कजरा में सेंटर लगाए गए हैं। इन गांवों के बीच की दूरी लगभग पांच किमी है। इसी तरह चांदपुर, हरिहरपुर में सेंटर बनाए गए हैं। इन दोनों गांवों के बीच भी दूरी काफी कम है। यह सभी सेंटर खुटार से उत्तर की ओर है। खुटार के दक्षिण नगर से लेकर खुटार ब्लॉक की सीमा तक एक भी सेंटर नहीं लगा है। इस कारण गांव रामपुर कलां, चमराबोझी, दिलीपपुर, कैमहरिया, टाह खुर्द कलां, रौतापुर कलां, केसरियापुर, अंडहा, नवाजपुर, लक्ष्मीपुर आदि के किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गोमती सफाई कार्य को लेकर बैठक करने आए डीएम के सामने किसानों ने सेंटर नहीं होने का मुद्दा रखा था, तो एक सेंटर गुटैया पर बनवाया गया है, लेकिन खुटार से दक्षिण के गांवों के लोगों को यह सेंटर भी काफी दूर पड़ेगा। किसानों का कहना है कि गांव रामपुर कलां में एक सेंटर बनवाया जाना चाहिए, जिससे किसान अपना गेहूं पास के सेंटर पर बिक्री कर सकें।