फोटो-31,गांव तिंदुआ में सेंटर का निरीक्षण करते एसडीएम मोइनुल इस्लाम
गेहूं खरीद में मिली गड़बड़ी, डीएम को रिपोर्ट
एसडीएम ने किया निरीक्षण, कहीं सेंटर प्रभारी गायब तो कहीं एक ही दिन में 623 क्विंटल मिली खरीद
एक सेंटर पर ठेकेदार ने परिवार के ही लोगों का खरीद डाला गेहूं
बैनर पर लिखा केंद्र प्रभारी का मोबाइल नंबर लगा मलिहाबाद
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां।
सोमवार को एसडीएम मोइनुल इस्लाम ने पुवायां और बंडा क्षेत्र के गांवों में लगे गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया तो तमाम खामियां मिलीं। इससे साफ है कि सेंटर प्रभारी और ठेकेदारों में जिलाधिकारी की सख्ती का कोई असर नहीं है। वह बेखौफ होकर खरीद में गोलमाल करने में जुटे हैं। मुआयने में हालात यह मिले कि किसी सेंटर पर अभी तक गेहूं खरीदा ही नहीं गया है तो कहीं एक ही दिन में 623 क्विंटल गेहूं खरीद डाला, जो संभव नहीं है। एसडीएम के मुआयने पर अमर उजाला की लाइव रिपोर्ट।
00
ठेकेदार ने परिवार के लोगों का ही तुलवाया गेहूं
स्थान : एसएफसी पोहकरपुर, बंडा
समय 1.30 बजे दोपहर
एसडीएम को इस सेंटर पर प्रभारी लालाराम गायब मिले। यहां कुल सात किसानों से 404 क्विंटल गेहूं खरीद हुई है। सेंटर ठेकेदार दिलेर सिंह के मकान पर लगा मिला और जिन किसानों का गेहूं खरीदा गया है, वे ठेकेदार के ही परिवार के लोग हैं। किसानों ने सेंटर प्रभारी और ठेकेदार के खिलाफ शिकायत भी की थी। पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।
00
नौ दिन में मात्र 58 क्विंटल खरीद
स्थान : पीसीएफ सेंटर नभीची
समय : 3.10 बजे
इस सेंटर पर नौ दिन में मात्र 58 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई है। एसडीएम को निरीक्षण में केंद्र प्रभारी डालचंद्र मिले, लेकिन कम खरीद की बाबत संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एसडीएम ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए किसानों से संपर्क कर खरीद में तेजी लाने और पूरी पारदर्शिता बरते जाने के निर्देश दिए।
00
मलिहाबाद जाकर लगा केंद्र प्रभारी का मोबाइल नंबर
स्थान : नेफेड सेंटर, लुकमानपुर बहेड़ा
समय : 4.00 बजे
गांव लुकमानपुर बहेड़ा के बलविंदर सिंह के फार्म पर नेफेड के इस सेंटर का केवल बैनर लगा मिला। यहां सेंटर का कांटा, कुर्सी, मेज सहित कोई सामान नहीं मिला। बैनर पर सेंटर प्रभारी राकेश कुमार का मोबाइल नंबर लिखा था। एसडीएम ने नंबर मिलाया, तो वह मलिहाबाद के प्रशंात कुमार का निकला। इस सेंटर पर अब तक गेहूं की खरीद ही नहीं की गई है।
00
एक ही दिन में खरीद लिया 623 क्विंटल गेहूं
स्थान : पीसीएफ सेंटर, तिंदुआ फार्म
समय : 4.30 बजे
पीसीएफ के इस सेंटर पर तो वाकई कमला हो गया है। एसडीएम ने निरीक्षण में पाया कि आठ अप्रैल तक कोई खरीद नहीं की गई, लेकिन नौ अप्रैल को साढ़े चार बजे तक ही 623 क्विंटल गेहूं की तौल हो गई, जो संभव नहीं है। प्रभारी महेशचंद्र इस बाबत न तो कोई जवाब दे सके और न ही कोई अभिलेख प्रस्तुत कर सके। सेंटर पर गांव उमरिया के करुणाशंकर और गंगसरा के वीरेंद्र कुमार का गेहूं तुल रहा था। दोनों से किसान वही मांगी गई तो बताया कि गेहूं उनके रिश्तेदारों का है।
00
सोमवार को किए गए मुआयने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। खरीद में गड़बड़ी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सेंटरों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा, सेंटरों पर जिन किसानों का गेहूं खरीदा जाना दर्शाया जा रहा है उनकी आराजी और उसमें खड़ी फसल की भी जांच होगी।
मोइनुल इस्लाम एसडीएम पुवायां