भैंसी नदी के पुल के पास लगा कई बार जाम
0 परेशान हुए वाहन चालक और राहगीर
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां।
वैकल्पिक मार्ग सही कराए बिना ही पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिए जाने के कारण बृहस्पतिवार को दिन भर में कई बार वाहनों के फंस जाने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
पुवायां खुटार मार्ग पर भैंसी नदी के पुल की मरम्मत का काम चल रहा है, इस कारण छोटे वाहनों को निकाले जाने के लिए पुल के पास बने वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जा रहा है। भारी वाहनों को पुवायां से बंडा होते हुए खुटार जाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन बस और ट्रक चालक बंडा होकर नहीं जा रहे हैं। भारी वाहन भी वैकल्पिक मार्ग से ही निकल रहे हैं। इसके अलावा आलू से भरी ट्रालियां भी वैकल्पिक मार्ग से ही निकाली जा रही हैं। नदी से रोड की ओर खड़ी चढ़ाई के कारण बृहस्पतिवार को दिन में कई बार ट्राली और ट्रक आदि फंस जाने से वैकल्पिक मार्ग पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों के साथ ही सवारियों को भी तेज धूप में परेशान होना पड़ा। पुल की मरम्मत का काम 19 मार्च तक होना है, इससे अभी कई दिन तक आवागमन में समस्या बनी रहेगी। लोगों ने मांग की है कि बस और ट्रकों के खुटार पुवायां मार्ग पर आवागमन पर रोक लगानी चाहिए, जिससे छोटे वाहन आसानी से गुजरते रहें।