शाहजहांपुर। लखनऊ-सीतापुर के बीच भारत संचार निगम लिमिटेड की ऑप्टिकल फाइबर केबिल कटने से जिले में दूरसंचार सेवाएं रविवार को सुबह से लेकर दोपहर बाद तक अस्त-व्यस्त रहीं। शनिवार को देर शाम लखनऊ-नोएडा के बीच ओएफसी में फाल्ट से ब्रॉडबैंड सेवाएं पहले से ठप थीं। ऐसे में सरकारी टेलीफोन नेटवर्क की लखनऊ-सीतापुर ट्रैक पर फाल्ट से उपभोक्ताओं को दूसरा झटका लगा। बीएसएनएल के उपभोक्ता दिन भर मोबाइल और लैंड लाइन फोन पर हाय-हैलो करने को तरस गए। जिला प्रबंधक (दूरसंचार) के अनुसार फिलहाल जिले के नेटवर्क को पीलीभीत की लाइन से जोड़कर कुछ सीरीज के नंबरों की टेलीफोन सेवाएं बहाल की गई हैं।
सरकारी और निजी क्षेत्र में टेलीकॉम कंपनियों द्वारा सेलफोन नेटवर्क को विस्तार दिए जाने के बाद बीएसएनएल के लैंड लाइन फोन कनेक्शन लगातार सरेंडर हो रहे हैं, लेकिन विभिन्न कार्यालयों और प्रतिष्ठानों द्वारा डेटा ट्रांसफर के लिए सरकारी सेक्टर की कंपनी बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड कनेक्शनों को प्राथमिकता दी जा रही है। शहर समेत जिले के विभिन्न सरकारी, गैर सरकारी प्रतिष्ठानों समेत कई उद्योगों और साइबर कैफों को बीएसएनएल लगभग 1800 ब्रॉडबैंड कनेक्शन जारी कर चुका है। शनिवार को शाम करीब चार बजे ब्रॉडबैंड सेवाएं ठप होने पर टेलीफोन एक्सचेंज से साइबर कैफे संचालकों ने संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि ओएफसी फाल्ट से ब्रॉडबैंड कनेक्शन
काम नहीं कर रहे हैं।
हालांकि, इस खराबी की वजह का खुलासा रविवार को सुबह हुआ, जब पूर्वी और पश्चिमी परिमंडल के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ब्रॉडबैंड नेटवर्क में फाल्ट लखनऊ-नोएडा के बीच भूमिगत केबिल कटने से हुआ है। यह खराबी पूरी तरह दूर हो पाती कि इसी बीच सुबह आठ बजे से जिले में बीएसएनएल के मोबाइल नेटवर्क में अचानक बाधा पड़ गई। सिगनल होने पर भी डायल टोन नहीं मिलने से मुख्यालय के सेलफोन उपभोक्ता शहर समेत पुवायां, तिलहर, जलालाबाद, कांट, कटरा, मोहम्मदी, गोला गोकर्णनाथ आदि आसपास के शहरों-कसबों के परिचितों से बात करने को तरस गए।
दूरसंचार विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में यह बात लाए जाने उन्होंने लखनऊ पूर्वी जोन के अफसरों से संपर्क साधा तो पता चला कि लखनऊ-सीतापुर के बीच एनएच-24 पर किसी पुलिया के निर्माण स्थल के पास जेसीबी से ओएफसी कटने के कारण यह खराबी पैदा हुई है। जिला प्रबंधक (दूरसंचार) राजकुमार के अनुसार शाहजहांपुर जनपद टेलीफोन नेटवर्क के लिहाज से पूर्वी परिमंडल का पश्चिमी किनारा होने के कारण लखनऊ से नोएडा तक कोई फाल्ट होने पर यहां की टेलीफोन सेवाएं प्रभावित हो जाती हैं। टीडीएम ने बताया टेलीफोन सेवाओं की पीलीभीत की लाइन से अस्थायी बहाली होने के बाद सोमवार तक सभी सेवाएं सामान्य हो जाने की उम्मीद है।