फोटो 10 व 11 में।
अवैध कुलाबे बंद कराएं, नलकूप ठीक कराएं
सिंचाई बंधु की बैठक में अफसरों पर बरसे जन प्रतिनिधि
जिला पंचायत अध्यक्ष ने अफसरों को पढ़ाया जवाबदेही का पाठ
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
सिंचाई बंधु समिति की मंगलवार को विकास भवन सभागार में उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक मेें नहरों के अवैध कुलाबों और लंबे अरसे से खराब पड़े नलकूपों का मुद्दा छाया रहा। समिति के सदस्यों ने नहर, नलकूप, बिजली आदि विभागों के अधिकारियों पर किसान हित की समस्याओं की अनदेखी कर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया। बैठक में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और जवाबदेही का पाठ पढ़ाते हुए नहरों के अवैध कुलाबे जल्द बंद कराने और खराब नलकूप जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में सिंचाई बंधु के सचिव/ शारदा नहर खंड के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने गत बैठक की कार्यवाही का ब्यौरा दिया और यहीं से सदस्यों का असंतोष मुखर होने लगा। एजेंडा के पहले बिंदु के अनुसार नहरों की समुचित सफाई पर चर्चा शुरू होने के साथ सदस्यों ने नहरों में पानी सप्लाई का रोस्टर नहीं दिए जाने, स्टाफ की कमी से नहरों की देखरेख नहीं हो पाने, अवैध कुलाबे बंद नहीं किए जाने से नहरों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने आदि शिकायतों की झड़ी लगा दी।
0
अवैध कुलाबे सीमेंट प्लास्टर से बंद कराने का किया वादा
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने तिलहर के विधायक रोशन लाल वर्मा के प्रतिनिधि जितेंद्र नाथ आर्य को बताया कि अवैध कुलाबों की सूचना ग्रामीणों के बजाय सींचपालों से मिलती है और उन्हीं के स्तर से रिपोर्ट दर्ज कराई जाती है। विधायक प्रतिनिधि ने हरदोई ब्रांच नहर में अवैध कुलाबे चिन्हित कर उन्हें बंद कराने पर जोर दिया। इस पर विभाग के ही एक अन्य अभियंता ने कहा अवैध कुलाबे बंद कराने पर ग्रामीण मारपीट करने पर आमादा हो जाते हैं। इसे देखते पुलिस की मदद लेनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अवैध कुलाबे उखाड़ने से नहर में दरार पड़ने और आसपास के इलाके में जल प्रलय जैसा नजारा पैदा हो सकता है क्योंकि नहर काफी चौड़ी है। ऐसी स्थिति में गलत तरीके से लगाए गए कुलाबे सीमेंट से बंद कराए जाएंगे।
00
नहरों पर पुलिया मरम्मत को शासन से नहीं मिले 70 लाख
जिले में तमाम नहरों पर आजादी से पहले बनाई गईं डॉट वाली तमाम पुलिया जर्जर हो चुकी हैं। पिछले दिनों अमर उजाला में इस मुद्दे पर विस्तृत रिपोर्ट भी प्रकाशित हो चुकी है। यही मुद्दा बैठक में उठने पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने सदस्यों के हवाले से कहा कि निघोना मकरंदपुर और एनएच-24 से जुड़े जमुही गांव के रास्ते पर नहर की पुलिया जर्जर होने से आए दिन ट्रैक्टर- ट्रालियां आदि वाहन पलट रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने सफाई दी कि जर्जर पुलिया की मरम्मत को शासन से 70 लाख रुपये मांगे जा चुके हैं, लेकिन धनराशि नहीं मिली। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने समिति के सचिव को इस बारे में डीएम के माध्यम से शासन को पत्र भिजवाने का सुझाव दिया।
000
नलकूपों की मरम्मत के बजट का अफसरों से मांगा हिसाब
बैठक में लंबे समय से खराब नलाकूपों की स्थिति में सुधार नहीं होने पर कई सदस्यों ने सामूहिक नाराजगी व्यक्त की तो जिला पंचायत अध्यक्ष ने नलकूपों की अद्यतन स्थिति और उनकी मररम्मत के लिए हर साल दिए जा रहे 37 हजार रुपये के बजट खर्च का हिसाब तलब कर लिया। नलकूप खंड के सहायक अभियंता ने बताया कि जिले में कुल 608 राजकीय नलकूपों में 548 चलित श्रेणी में हैं, लेकिन इनमें से 21 नलकूप यांत्रिक दोष और नौ बिजली संबंधी खराबियों के कारण बंद पड़े हैं। सदस्यों ने बताया कि जैतीपुर के खमरिया गांव में नलकूप खराब पड़ा है और पुवायां क्षेत्र के कंजा पुरेना गांव का 44 नंबर ट्यूबवेल करीब चार माह से खराब है, जबकि इन नलकूपों की चर्चा गत बैठकों में भी हो चुकी है। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने खराब नलकूपों की संख्या ज्यादा बताते हुए गत दो साल में नलकूपों की मरम्मत पर हुए व्यय की जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
000
जलालाबाद के एक्सईएन बिजली पर हुई सवालों की बौछार
विद्युत दोष से नलकूप खराब होने की चर्चा के दौरान कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस का प्रतिनिधित्व करते हुए सुशील कुमार गुप्ता ने बैठक मेें मौजूद जलालाबाद के एक्सईएन अनिल पांडेय पर यह कहते हुए सवालों की बौछार कर दी कि दो किलोवाट के कामर्शियल कनेक्शन का शुल्क जमा करने के ढाई माह बाद भी कनेक्शन नहीं दिया गया। एक्सईएन ने सफाई दी कि उन्हें यहां का चार्ज लिए अभी केवल एक माह हुआ है, इसलिए उन्हें गांवों की लोकेशन के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं हो सकी है। विधायक प्रतिनिधि ने सवाल किया कि फोन पर पूरी समस्या सुने बगैर बात क्यों काट दी। चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने एक्सईएन को सभी जनप्र्तिनिधियों के नंबर अपने सीयूजी फोन मेें फीड करने के साथ बदायूं के फीडर से जुड़े परौर और आसपास के गांवों को जिले से बिजली सप्लाई देने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। बैठक मेें नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के प्रतिनिधि मानवेेंद्र सिंह, केेंद्रीय मंत्री कृष्णाराज के प्रतिनिधि शांति प्रकाश अवस्थी, एमएलसी अमित यादव के प्रतिनिधि जितेेंद्र यादव अड्डू, ददरौल के विधायक मानवेेंद्र सिंह के प्रतिनिधि सुमित भदौरिया आदि मौजूद रहे।