शाहजहांपुर। आयुध एवं आयुध उपस्कर उत्तर क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट शुक्रवार से शुरू हो गया। इसका उद्घाटन ओसीएफ के महाप्रबंधक सुदीप के बैनर्जी ने फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर किया। ओसीएफ के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में शुरू हुए टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेजबान ओसीएफएस और ओईएफ कानपुर के बीच खेला गया। यह मैच मेजबान टीम ने 4-0 से जीत लिया। खेल के शुरुआत में विजेता टीम के मो. गयूर ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला गोल किया। इसके बाद आदित्य सक्सेना ने ताबड़तोड़ दो गोल करके प्रतिद्वंद्वी टीम को उबरने का मौका ही नहीं दिया। मैच का चौथा गोल मुर्तजा अली ने किया और टीम को अजेय बढ़त दिला दी।
दूसरा मैच एसएएफ कानपुर और ओएफ मुरादनगर के बीच होना था, लेकिन मुरादनगर टीम के नहीं आ आने से कानपुर को वाई मिल गई। तीसरा मैच ओएफ देहारादून और ओएफसी कानपुर के बीच खेला गया। जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, गोल विहीन मुकाबले का निर्णय पेनाल्टी शूट से किया गया, जिसमें देहरादून 5-4 से विजयी रहा।
चौथा और अंतिम मैच ओएलएफ देहारादून और एफजीके कानपुर के बीच खेला गया। इस मैच का नतीजा भी पेनल्टी शूट आउट से निर्धारित हुआ, जिसमें ओएलएफ देहारादून ने एएफजी के कानपुर को 5-4 से हराकर मैच जीत लिया। मैच में रेफरी की भूमिका नेशनल अंपायर मनीष कुमार द्विवेदी, मो. सलीम, महेंद्र कोरिया, अनुराग सिन्हा और मो. अरशद कमाल ने निभाई। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विंदेश्वर सिंह, सुकुमार रथ, कर्नल टी रजनीश, एसके सिंह, संदीप क्षेत्री, एके प्रसाद, चंद्र शेखर, एके प्रसाद आदि अधिकारी कर्मचारी और विभिन्न यूनियनों के नेता मौजूद रहे। खेल प्रभारी अनुराग यादव ने आभार व्यक्त किया।