अल्हागंज। निकाय चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन भाजपा में अल्हागंज नगर पंचायत सीट को लेकर बगावत खुलकर सामने आ गई है। भाजपा से अध्यक्ष पद के टिकट के दावेदार डॉ. राममूर्ति राठौर और स्नेहा गुप्ता ने भी भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के खिलाफ ताल ठोंकते हुए मंगलवार को निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया। दोनों के मैदान में उतरने के बाद भाजपा के सामने यहां डैमेज कंट्रोल चुनौती बन गया है। इधर, सपा में भी एक धड़ा बागी हो गया है।
नगर पंचायत अल्लाहगंज से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के टिकट की राजेश वर्मा, डॉ. राममूर्ति राठौर, आरडी कश्यप, आरके कश्यप और स्नेहा गुप्ता ने दावेदारी की थी। पार्टी ने यहां से राजेश वर्मा को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बाद पार्टी में असंतोष फैल गया था। राजेश वर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध शुरू हो गया। मंगलवार को जब डॉ. राममूर्ति राठौर और स्नेहा गुप्ता ने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ ताल ठोंकते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किए तो पार्टी की रार खुलकर सामने आ गई। इधर, टिकट न मिलने से नाराज पूर्व चेयरमैन सगीर अहमद पहले ही सपा का छोड़ कर कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। अल्हागंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद से वह पहले ही कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर चुके हैं। ऐसे में सपा में भी ऊहापोह मची हुई है। सपा ने यहां से राजू शाह को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, बसपा ने अब तक पत्ते नहीं खोले हैं।