शाहजहांपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बृहस्पतिवार को जिले के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में पढ़ने वाले और गैर पंजीकृत एक से 19 वर्ष तक के बच्चों को एलबेंडाजॉल की गोली खिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने मदरसा एनुल इल्म में बच्चों को कीड़ों की दवाई खिलाकर किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. आरपी रावत भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारी स्वास्थ्य विभाग एक माह से कर रहा था। इस दौरान कई स्तरों का प्रशिक्षण हुआ। बृहस्पतिवार को इस दिवस के दौरान जिले के प्राइमरी, जूनियर स्कूलों के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को कीड़ों बचाव को दवाई खिलाई गई।
इस मौके पर डीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के विकास और उनमें खून की कमी को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत सभी बच्चों को कीड़े की दवाई खानी है। सीएमओ डॉ. आरपी रावत ने बताया कि कृमि परजीवी होते हैं। जो जीवित रहने के लिए मनुष्य की आंत में रहते हैं। इनको खत्म करने के लिए एलबेंडाजॉल की गोली खाई जाती है। कृमि दिवस के दौरान शहर के ऑल सेंट्स स्कूल, में नोडल अधिकारी डॉ. आरएस वर्मा ने प्रधानाचार्य रंजना मौर्य की उपस्थित में बच्चों को गोलियां खिलावाईं। ग्यान अमृत पब्लिक स्कूल में पूर्व सभासद शिवओम सक्सेना प्रधानाचार्य पंकज सक्सेना ने बच्चों को दवा खिलवाई। सेंट बिलाल पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य डॉ. सैयद साद ने बच्चों को कृमि के बारे में जानकारी दी और दवा खिलवाई। इधर,आमना मेमोरियल पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में बच्चों को दवा खिलाई गई। इस मौके पर प्रधानाचार्या निकहत नसीम शान, नरगिश रईस, कहकशां, शवनम आदि मौजूद रहीं।