शाहजहांपुर। बिजली बकाया मद में लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने के लिए पॉवर कारपोरेशन के अधिकारियों ने बुधवार को हथौड़ा सब स्टेशन से संबंधित इलाकों में कनेक्शन चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की 12 टीमों ने करीब दो सौ घरों और दुकानों के बिजली बिल चेक किए। इस दौरान दस हजार रुपये और इससे अधिक बिजली देय नहीं चुकाने वाले 66 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर उनके केबिल जब्त कर लिए गए। अन्य तमाम बाकीदार उपभोक्ताओं ने करीब 6.20 लाख रुपये की धनराशि जमा करके अपने कनेक्शन कटने से बचा लिए।
शहरी क्षेत्र के 33 केवी क्षमता वाले सात पॉवर सब स्टेशनों से जुड़े करीब 65 हजार उपभोक्ताओं में 40 फीसदी ऐसे हैं जो कि उपभोग की गई बिजली का बिल नियमित जमा नहीं करते जबकि विभाग को हर माह वितरण खंड द्वितीय से औसतन 7.25 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि वसूलने का लक्ष्य दिया जाता है। चालू माह में दस दिन शेष बचने के बावजूद अभी तक बमुश्किल 2.10 करोड़ रुपये बिजली राजस्व की वसूली हो पाई है।
बकाया बिजली देय की वसूली का ग्राफ बढ़ाने के लिए अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल ने चेकिंग अभियान चलाकर दस हजार रुपये और इससे अधिक बकाया धनराशि वाले कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। इसके अनुपालन में एक्सईएन सिटी एसके श्रीवास्तव ने हथौड़ा सब स्टेशन के पास बुधवार को शिविर लगाकर बिल जमा करने और रसीदें काटने का काम शुरू कराया। इसके बावजूद अपेक्षा के अनुरूप उपभोक्ता नहीं पहुंचे तो एक्सईएन ने विभाग के नियमित और संविदा कर्मचारियों की 12 टीमें गठित करके उन्हें चेकिंग पर रवाना किया।
इन टीमों ने हथौड़ा चौराहा, हथौड़ा बुजुर्ग गांव, लोधीपुर, हुसैनपुरा आदि क्षेत्रों में घर-घर जाकर कनेक्शन के बिल चेक करने और दस हजार रुपये तथा इससे अधिक रकम के देनदार उपभोक्ता चिन्हित करके उनके कनेक्शन काटने शुरू किए तो उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। नतीजा यह हुआ कि कनेक्शन कटने से बचाने को बाकीदारों का शिविर में जमावड़ा लगना शुरू हो गया।
शाम चार बजे तक सभी टीमों ने बकाया बिल जमा नहीं किए जाने पर 66 कनेक्शन काट दिए। इस बीच, शिविर में पहुंचे उपभोक्क्ताओं ने करीब 6.20 लाख रुपये की देनदारी चुकता करके रसीदें कटाईं। चेकिंग में एसडीओ प्रशांत कुमार, जेई अनुज श्रीवास्तव, शैलेंद्र पांडेय, अलंकृत मिश्रा आदि शामिल रहे। बिजली अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार को बहादुरगंज सब स्टेशन से बिजली फीड होने वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।